Bareilly News: 920 करोड़ का बकाया...इस बार किसानों की फीकी रहेगी होली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इस बार गन्ना किसानों की होली फीकी रहेगी, क्योंकि मंडल की 16 में 15 चीनी मिलों पर किसानों का चालू पेराई सत्र का 920 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। गन्ना किसानों को 14 दिन के भीतर भुगतान के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। जिले में सिर्फ फरीदपुर की द्वारिकेश चीनी मिल ने किसानों को शत प्रतिशत भुगतान किया है।

मंडल में पांच लाख गन्ना किसान 16 चीनी मिलों को लगभग 1200 लाख क्विंटल गन्ना की आपूर्ति करते हैं। होली का त्योहार सिर पर है। किसान चाहते हैं कि इस सत्र में बेचे गए गन्ने का पूरा भुगतान होली से पहले मिल जाए, लेकिन चीनी मिलें बकाए पर कुंडली मारे बैठी हैं। वहीं, विभागीय अफसर भी खामोश हैं। गन्ने का भुगतान नहीं हुआ तो अधिकांश किसानों को होली पर हाथ खाली रहेगा।

किसानों का पैसा रोककर कमाई करने में लगीं मिलें
सूत्रों के अनुसार जिले की समस्त चीनी मिलें सहकारी समितियों से गन्ने की बुवाई के समय खाद और बीज देती हैं तो उसका पैसा ब्याज समेत गन्ना बिक्री के समय काटा जाता है। मगर, गन्ने का बकाया मिलों पर कितने ही दिन बना रहे, किसानों को चीनी सस्ती होने का बहाना बनाकर बकाया पर ब्याज नहीं दिया जाता।

बरेली की बहेड़ी, पीलीभीत की बरखेड़ा, शाहजहांपुर की मकसूदा चीनी मिल तो हमेशा से ही किसानों का बकाया लंबे समय रोककर बिना ब्याज भुगतान करती हैं। इस बार भी मंडल की महज एक चीनी मिल छोड़ बाकी पंद्रह मिलों ने किसानों को तय समय के अंदर भुगतान नहीं किया है।

मंडल की चीनी मिलों पर इतना है बकाया
मंडल के किसानों का बहेड़ी की केसर मिल पर 230.84 करोड़, नवाबगंज की ओसवाल मिल पर 77.25 करोड़, मीरगंज की मिल पर 27.70 करोड़, सेमीखेड़ा की सहकारी मिल पर 16.09 करोड़, पीलीभीत में बरखेड़ा की बजाज मिल पर 147.80 करोड़, एलएच पर 43.03 करोड़, बीसलपुर की बजाज मिल पर 15.73 करोड़, पूरनपुर की सहकारी मिल पर 13.32 करोड़, शाहजहांपुर की मकसूदापुर स्थित बजाज मिल पर 166.74 करोड़, निगोही में डालमिया मिल पर 38.07 करोड़, रोजा की बिरला मिल पर 30.01 करोड़, तिलहर की सहकारी मिल पर 20.70 करोड़, पुवायां की सहकारी मिल पर 6.93 करोड़, बदायूं की बिसौली यदु चीनी मिल पर 73.54 करोड़ और सहकारी मिल पर 12.18 करोड़ रुपये बकाया है।

ये भी पढे़ं- बरेली: बहेड़ी में खुलेआम स्मैक तस्करी के वीडियो वायरल

 

 

संबंधित समाचार