बदायूं: हत्यारोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज...एक को मार गिराया, दूसरे की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना के बाद एकत्र हुई भीड़ तो मौके से भाग गया था हत्यारोपी जावेद

बदायूं, अमृत विचार। निर्मम तरीके से दो बच्चों की हत्या मामले में मृतकों के पिता दो आरोपी भाइयों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और जबरन घर में घुसने की रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने एक हत्यारोपी को मुठभेड़ में मार गिराया जबकि दूसरा हत्यारोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 

शहर के बाबा कॉलोनी नई बस्ती निवासी विनोद कुमार के बेटे आयुष और आहान प्रताप उर्फ हन्नू की पास में सैलून चलाने वाले युवक ने गला रेतकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी थी। मृतक बच्चों के पिता ने कस्बा सखानू निवासी दो सगे साजिद व जावेद उर्फ बाबू के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि दोनों बाइक से उनके घर पर आए थे। बाइक गेट के बाहर खड़ी करने के बाद साजिद घर में घुसा और जावेद बाहर खड़ा रहा। घर पर उनकी पत्नी संगीता, मां होमगार्ड मुन्नी देवी, तीन बेटे आयुष, पीयूष और आहान प्रताप थे। साजिद ने संगीता से कहा कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होनी है उसे पांच हजार रुपये चाहिए। चिकित्सक ने रात 11 बजे का समय दिया है। संगीता ने कहा रुको अभी लेकर आती हूं। उसने पीयूष को गुटखा लेने भेज दिया। 

जिसके बाद साजिद ने संगीता से कहा कि उसका मन घबरा रहा है। छत पर घूम लेता हूं। छोटे बेटे आहान प्रताप के साथ के साथ छत पर चला गया। जहां से आयुष को पानी लाने को कहा। अपने भाई जावेद को भी बुला लिया। कुछ देर में साजिद, जावेद और उनके बेटे आयुष व आहान प्रताप छत पर एक साथ थे। संगीता घर में रुपये निकालकर बाहर आई तो साजिद और जावेद जीने से उतर रहे थे। उनके कपड़े खून से लथपथ थे। उनके हाथ में खून से सनी छुरी थी। संगीता को देखते ही कहा कि आज उन्होंने अपना पूरा काम कर दिया है। उनके हाथों में छुरी देखकर संगीता चिल्लाने लगीं। मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। जावेद भाग गया और भीड़ ने साजिद को पकड़ लिया। 

संगीता ने छत पर जाकर देखा तो उनके दो बेटे खून से लथपथ थे। उनकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान पीयूष गुटखा लेकर बाहर से आया तो जावेद ने जान से मारने की नीयत से उस पर भी छुरे से वार किया। छुरा उसके हाथ में लगा। सूचना पर पुलिस पहुंची। साजिद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे पकड़कर ले जा रही थी लेकिन भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकला। साजिद और जावेद से उनके परिवार की कोई दुश्मनी नहीं है। पता नहीं क्या उनके बच्चों की हत्या कर दी। वहीं कुछ देर के बाद पुलिस की साजिद से मुठभेड़ हुई। पुलिस की दो गोली से हत्यारोपी मारा गया। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने दूसरे आरोपी जावेद की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढे़ं- बदायूं डबल मर्डर: साजिद ने मासूमों को क्यों मारा? पुलिस के सामने कई सवाल...जावेद की गिरफ्तारी से मिलेंगे जवाब!

संबंधित समाचार