गोंडा: परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षा प्रारंभ, शिक्षकों ने सवाल-जवाब कर परखा बच्चों का शैक्षिक स्तर
कक्षा एक के बच्चों की हुई मौखिक परीक्षा, 2 से 8 तक बच्चों को मिला प्रश्नपत्र
गोंडा, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षाएं ली गई। शिक्षकों ने बच्चों से सवाल जवाब कर उनके शैक्षिक स्तर की जांच की। वहीं दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने हिंदी, तीसरी कक्षा के छात्र-छात्राओं ने सामाजिक विज्ञान व 4 से 8 तक के बच्चों ने गणित की परीक्षा दी। परीक्षा से बच्चे उत्साहित नजर आए।
बेसिक शिक्षा विभाग के 2609 परिषदीय स्कूलों में 3.60 लाख नौनिहाल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बुधवार से इन बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ हुई। तय कार्यक्रम के मुताबिक पहले दिन कक्षा एक के बच्चों की मौखिक परीक्षा हुई। शिक्षकों ने प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों से सवाल जवाब किए। बच्चों ने भी अपनी क्षमता के अनुसार उत्तर दिया।

प्राथमिक विद्यालय डढ़वा कानूनगो की प्रधानाध्यापक शाइस्ता उस्मानी ने बताया बच्चों ने शांति ढंग से परीक्षा दी। परसापुर की प्रधानाध्यापक रूबी खानम ने परीक्षा के लिए स्कूल में अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता बताई। परीक्षा के शुचिता बनाए रखने के लिए जनपद स्तरीय टीम का गठन किया गया है। ब्लॉक स्तर पर अनुश्रवण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी को भी जिम्मेदारी दी गई है। सभी ब्लाकों के खंड शिक्षा अधिकारी व एआरपी भ्रमणशील रहकर परीक्षा का जायजा लेते रहे। जिला समन्वयक प्रशिक्षण हरि गोविंद यादव ने भी नगर क्षेत्र के स्कूलों का भ्रमण कर परीक्षा का निरीक्षण किया।
उत्तर पुस्तिका के लिए एसएमसी के खातों में उपलब्ध कराई गई है धनराशि
झंझरी ब्लाक के खण्ड शिक्षा अधिकारी समय प्रकाश पाठक ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों की संख्या के सापेक्ष प्रश्न पत्र एक दिन पूर्व ही उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं उत्तर पुस्तिका के लिए एसएमसी खाते में धनराशि हस्नांतरित की गयी है।उन्होने बताया ब्लॉक के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक की देखरेख में परीक्षा संचालित हो रही है। संजीव मिश्रा, अशोक सिंह, राहुल देव वर्मा, मोहम्मद अनीस, एकेडमी रिसोर्स पर्सन ने विभिन्न विद्यालयों की परीक्षा का अनुश्रवण किया।
यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को किया सील
