गोंडा में गांजा बेंचते धरा गया मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर, गिरोह के चार अन्य शातिर भी गिरफ्तार
मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार। जिले के मनकापुर कोतवाली पुलिस ने मुजफ्फरनगर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गांजा बेचते समय गिरफ्तार किया है। हिस्ट्रीशीटर के साथ उसके गिरोह के चार अन्य सदस्य भी पकड़े गए हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने 11 किलो गांजा तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
मनकापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की रात उपनिरीक्षक अखिलेश राही अपनी टीम के साथ गस्त पर निकले थे। इसी बीच सूचना मिली कि रेलवे क्रासिंग के पश्चिम बन्दरहा गिलुवा गाँव के मोड़ के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर पांच लोगों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 11 किलो अवैध मादक पदार्थ (गांजा), दो तमंचा, व कारतूस बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया शातिर मोहम्मद नसीम उर्फ वसीम कुरैशी पुत्र मो याकूब निवासी सम्भलहेडा थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। नसीब मुजफ्फरनगर जिले का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी,जालसाजी, गैर इरादतन हत्या, गोवध निवारण अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत करीब दर्जन भर मुकदमें दर्ज हैं।
नसीम के साथ उसके गिरोह के चार अन्य सदस्य भी पकड़े गए हैं। इनमें मोहम्मद तौसीम उर्फ काला निवासी सम्भलहेडा थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर, लड्डन पुत्र मोहम्मद सई उर्फ काने निवासी जिगनी मद्दो भट्टा थाना सादुल्लानगर जनपद बलरामपुर, नवाब अली पुत्र अल्ला मेहर निवासी सम्भलहेडा थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर व दानिश पुत्र चाँद निवासी तेवड़ा थाना ककरौली जनपद मुजफ्फरनगर शामिल हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस शातिर गिरोह का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार, विजय नाथ, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, रवीश कुमार, रणवीर गौतम, कांस्टेबल लाल बहादुर व अंकित शर्मा शामिल रहे।
गांव गांव फेरी लगाकर करते थे गांजा बिक्री का कारोबार
पकड़े गए आरोपी गांव गांव फेरी लगाकर अवैध रूप से गांजा बेचने का कारोबार करते थे। पुलिस पूछताछ में इसका खुलासा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने एक संगठित गिरोह बना रखा है जो आर्थिक लाभ कमाने के लिए कपड़े की फेरी करने की आड़ में अवैध गांजा बेचने का धंधा कर रहा था। आरोपी मोहम्मद नसीम उर्फ वशीम कुरैशी थाना ककरौली जनपद मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ गर्दन भर मुकदमें दर्ज है।
यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को किया सील
