गोंडा: स्टेशन रोड पर चली जेसीबी, रेलवे की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। शहर के स्टेशन रोड पर बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस अभियान में जेसीबी मशीनें जमकर गरजी और रेलवे के जमीनों पर किया गया अवैध अतिक्रमण ढहा दिया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान एक मस्जिद की बाउंड्री वॉल भी तोड़ दी गई। इस अतिक्रमण अभियान में करीब 32 दुकानें प्रभावित हुई है। 

बुधवार तड़के सेहरी करने के बाद मुहम्मद इस्राइल की आंख लग गई,  सुबह आंख खुलते ही सूचना मिली कि रेलवे अमला जेसीबी चलाने जा रहा है। देखते ही देखते तीन जेसीबी दुकानों के आगे चबूतरे तोड़ने लगीं। आईओडब्ल्यू सुभाष चौधरी की उंगली जिधर टेढ़ी होती उधर जेसीबी गहरा गडढ़ा बनाती जा रही थी। 

36

दुकानदार गिड़गिड़ाते हुए रमजान और होली पर्वो का हवाला देते रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। दुकानों के टीन टापर व शटर भी उजाड़े गए और अधिकांश के आगे चार से पांच फीट गहराई तक खोद दिया गया। देवेन्द्र सोनी, सुरेश यादव, तीर्थ गुप्ता व अन्य का कहना है कि न तो चल रहे रमजान का खयाल रखा गया और न ही आने वाली होली का। बताया कि सभी दुकानदारों का रेलवे के साथ 2027 तक का अनुबंध है,  किराया भी एडवांस मे जमा है फिर भी अपनी ही दुकानों को निशाने पर लिया जा रहा है। 

घंटेभर चले इस अभियान के बाद निर्माण और आरपीएफ के अफसरों का दिल नहीं माना। जेसीबी समेत टीम ने स्टेशन के आगे सतई पुरवा का रुख किया और वहां भी अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि यहां कुछ ऐसे निर्माण भी गिराए गए जोकि नगरपालिका सीमा मे थे। एक मस्जिद की बाउंड्री, शौचालय और उसका टैंक तोड़ ड़ाला गया। मौके पर आईओडब्ल्यू और निर्माण टीम के अफसर, आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर मय फोर्स तीन जेसीबी के साथ मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को किया सील

संबंधित समाचार