लखनऊ: प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों की परीक्षाएं शुरू, रिपोर्ट कार्ड के लिए शिक्षा महानिदेशक ने जारी किया बजट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों में वार्षिक परीक्षायें बुधवार को शुरू हो गई। परीक्षा सुबह साढ़े 9 बजे से पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली की परीक्षा 11:45 बजे तक हुई वही, दूसरी पाली में दोपहर 12:15 से 2:45 बजे तक छात्रों ने परीक्षा दी। 

राजधानी सहित प्रदेश भर में शुरू हुई परीक्षा में 1.92 करोड़ बच्चे शामिल हो रहे हैं। बुधवार को कक्षा दो के बच्चो ने पहली पाली में हिन्दी की परीक्षा दी वहीं तीसरी कक्षा के बच्चों ने पहली पाली में सामाजिक विषय और दूसरी पाली में कला-संगीत की परीक्षा दी। इसके साथ ही कक्षा चार से आठ तक के बच्चों की पहली पाली में गणित और दूसरी पाली में कला-संगीत विषय की परीक्षा आयोजित हुई।

कक्षा दो के बच्चे प्रश्नपत्र देखकर हुए परेशान 

 कक्षा दो में हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान जो प्रश्नपत्र बच्चों दिया गया उसे देखकर बच्चे भी हैरान रह गये। दरअसल बच्चों के पेपर को देखने के बाद शिक्षकों ने बताया कि प्रश्नपत्र में जो सवाल पूछे गये हैं उसमें वह हिंदी की किसी भी किताब में नहीं है। इससे बच्चों को परेशानी हुई है। हालांकि बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश ने बताया कि प्रश्नपत्र डायट से बनकर आये हैं इस बारे में पता करके आगे की कार्रवाई की जायेगी।

राजधानी में 1618 स्कूलों में हो रही परीक्षा

 बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश ने बताया कि राजधानी में संचालित 1618 विद्यालयों में एक लाख से अधिक छात्र-छात्रायें परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बता दें कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं दोनों पाली में आगे भी हैं। 27 मार्च तक चलने वाली परीक्षा के बीच 24 से 26 तक होली का अवकाश भी पड़ेगा। इसके बाद 27 को मौखिक व खेल और क्राफ्ट जैसे विषयों की परीक्षा आयोजित की जायेगी।

गूगलशीट भरना अनिवार्य

 परीक्षा शुरू होते ही बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि 1 से 8 तक हो रही परीक्षा में शामिल होने वाले सभी बच्चों का ब्योरा गूगल शीट पर अनिवार्य रूप से भराना होगा। निदेशक ने कहा कि 27 मार्च तक वार्षिक परीक्षा में प्रतिदिन शामिल बच्चों को ब्योरा अपडेट किया जाना चाहिए।

बच्चों के रिपोर्ट कार्ड के लिए बजट जारी

 स्कूल शिक्षा महानिदेशक व राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से सभी प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट कार्ड उपलब्ध करवाने के लिए बजट जारी कर दिया गया है। इस बारे में सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियो को महानिदेशक की ओर से पत्र भी जारी किया गया है। जारी पत्र के मुताबिक 339.04056 लाख की धनराशि जारी की गई है।

यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को किया सील

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज