सुलतानपुर: पुलिस ने 1749 लोगों को तैयार की लिस्ट, किए जाएंगे पाबंद, एएसपी बोले- लोस. चुनाव में दबंगई की तो खैर नहीं!

जनता में सुरक्षा का एहसास कराने को पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ किया पैदल मार्च 

सुलतानपुर: पुलिस ने 1749 लोगों को तैयार की लिस्ट, किए जाएंगे पाबंद, एएसपी बोले- लोस. चुनाव में दबंगई की तो खैर नहीं!

सुलतानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के दौरान दबंगई के बूते मतदाताओं को प्रभावित न किया जा सके। कोई जोर जबरदस्ती न हो, इसके लिए पुलिस आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कस रही है। चुनाव में गड़बड़ी के अंदेशे में 1,749 लोगों को पाबंद करने की तैयारी है। 

वहीं, गुरुवार को पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स ने कूरेभार कस्बे में पैदल मार्च भी किया है। आम जनमानस में सुरक्षा का एहसास कराने के लिए सीओ सौरभ सावंत, कूरेभार के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्र व सीआरपीएफ उपनिरीक्षक आरपी वर्मा व उपनिरीक्षक सुभाष वर्मा पैदल मार्च में शामिल रहे। 

पुलिस व सुरक्षा बलो की टीम कूरेभार से होते हुए फुलौना चौराहा, पटना चौराहा, पुरखी धनजई, सरैया मझौवा, इटवा मलावनपुर, संजय नगर होते हुए ऐनपुर तिराहे पर पहुंची।  पुलिस-पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने आम जनमानस में सुरक्षा का एहसास कराया। साथ ही लोगों को शांतिपूर्ण वातावरण में लोकसभा चुनाव 2024 को संपन्न करने का संदेश दिया। 

लोकसभा चुनाव में जोर जबरदस्ती आदि रोकने के लिए पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित कर रही है जो मतदाताओं या मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। अभी तक 348 मामलों में 1749 लोगों को पाबंद करने की रिपोर्ट तहसीलों को भेजी जा चुकी है। इसके अलावा गैर जमानती वारंट वाले लोगों के साथ ही आपराधिक तत्वों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव में किसी तरह मतदान या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। इसलिए निरोधात्मक कार्रवाई समेत अनेक जरूरी तैयारियां हो रही हैं। फरार गैंगस्टर सिराज अहमद चुनाव पर कोई असर नहीं डाल सकेगा। पुलिस पूरी तरह तैयार है।

                                                                                                    अरुण चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक

यह भी पढे़ं: सुलतानपुर: जीवन में गर्माहट देने वाले भेड़ पालन व्यवसाय से पाल समाज का हो रहा मोह भंग, जानिए क्यों कर रहे किनारा?