अमृतसर: होटल में बेटी के सामने महिला से गैंगरेप, बाद में चलती कार से दोनों को फेंका
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले में एक महिला के साथ तीन लोगों ने होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में पीड़िता को उसकी 10 वर्षीय बेटी के साथ चलती कार से बाहर फेंक दिया। एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा ने शुक्रवार को बताया कि डीजे ग्रुप के साथ काम करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म …
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले में एक महिला के साथ तीन लोगों ने होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में पीड़िता को उसकी 10 वर्षीय बेटी के साथ चलती कार से बाहर फेंक दिया। एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा ने शुक्रवार को बताया कि डीजे ग्रुप के साथ काम करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म की यह घटना 6 अक्टूबर को उस समय हुई जब महिला को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि उसकी सहकर्मी के साथ दुर्घटना हुई है। फोन कॉल के बाद महिला घबरा गई और एक बस के जरिए अमृतसर पहुंची।
उन्होंने बताया कि महिला के अनुसार अमृतसर पहुंचने के बाद, वह व्यक्ति, जिसने महिला को फोन पर बुलाया था, उससे बस स्टैंड पर मिला और उसे पीने के लिए एक कोल्ड ड्रिंक दी जिसे पीने पर वह बेहोश हो गई। उक्त व्यक्ति उसे एक कार में उसकी बेटी के साथ बटाला रोड पर स्थित एक होटल में ले जाया गया। महिला ने दावा किया कि कार में पहले से ही दो पुरुष बैठे थे।
पीड़िता के अनुसार, अजनाला के रहने वाले तीन लोगों ने होटल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में, आरोपियों ने पीड़िता और उसकी बच्ची को चलती गाड़ी से फेंक दिया और भाग गए। महिला ने कहा कि इस घटना में वह और उसकी बच्ची दोनों घायल हो गए। उसके हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। पीड़िता ने कहा कि उसने डर के कारण उस दिन किसी से अपराध का खुलासा नहीं किया। बाद में उसने साहस जुटाया और पुलिस के पास पहुंची।
गुरूवार शाम को मामला सामने आने के बाद मोहकमपुरा थाना पुलिस ने तीनों युवकों के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर लिया। एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा और पुलिस की एक टीम उक्त होटल में भी जांच करने पहुंची। हरपाल सिंह रंधावा ने बताया कि वे उस होटल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं, जहां पीड़िता को ले जाया गया और उसके साथ बलात्कार किया गया। उन्होंने कहा कि तीनों युवकों के विरुद्ध पुलिस थाना मोहकमपुरा में धारा 376 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्दी ही उनको गिरफ़्तार कर लिया जायेगा।
