अयोध्या: सरकार की तानाशाही का प्रतीक है केजरीवाल की गिरफ्तारी, वामदलों ने की कड़ी भर्त्सना
अयोध्या, अमृत विचार। वामदलों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी की कड़ी भर्त्सना की है। कहा है कि इस घटना से मोदी सरकार के अघोषित आपातकाल में विपक्ष की आवाज को साजिशाना ढंग से दबाने का एक और अध्याय जुड़ गया है।
भाकपा जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी, भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद और भाकपा सहायक जिला सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले दस सालों में ईडी द्वारा लगाए गए मुकदमें 95 प्रतिशत विपक्षी नेताओं पर है। स्पष्ट है मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बोलने वाले सभी विपक्षी दल के नेताओं को राजनीतिक बदले की भावना से फंसाया जा रहा है। आरोप लगाया है कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्ष के नेताओं को डराने-धमकाने के लिए इस्तेमाल कर रही है। इनमें गैर भाजपा शासित राज्यों के नेताओं को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि अब तो कांग्रेस पार्टी का बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया गया है। नेताओं ने कहा कि यदि यही स्थिति रही तो सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -दिल्ली आबकारी मामला: SC ने कविता को जमानत देने से इनकार किया, निचली अदालत में जाने को कहा
