बरेली: सोते समय बुजुर्ग दंपती पर भतीजे ने तलवार से किया हमला
बरेली, अमृत विचार। भमोरा क्षेत्र के गांव बाबू नगला गांव में सोते समय बुजुर्ग दंपती पर भतीजे ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव बाबू नगला में भोगराज (60) पत्नी चंद्रकली के साथ रहते हैं। भोगराज के दोनों बेटे दयाशंकर और बबलू दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। भोगराज के खेत में देवी का मंदिर है, जिसमें वह पूजा पाठ करते हैं। भोगराज पत्नी के साथ गुरुवार रात आंगन में सो रहे थे। आरोप है कि देर रात भतीजे राजू ने हत्या करने के इरादे से दोनों पर तलवार से हमला कर दिया।
जिससे दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। उन्होंने किसी तरह पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई डालचंद को जगाया। इसके बाद डालचंद ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान और एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक ने अस्पताल में जाकर बुजुर्ग का हाल जाना।
इसके बाद आरोपी भतीजे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं शुक्रवार दोपहर एसएसपी ने सीओ आंवला और डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर मुआयना किया। माता- पिता से हमले की सूचना पर बेटे और बहू दिल्ली से पहुंचे।
एक दिन पहले ही गांव आया था आरोपी
एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी राजू पंजाब में प्राइवेट नौकरी करता है। उसने रंजिश में बुजुर्ग दंपती पर हमला किया है। आरोपी एक दिन पहले ही पंजाब से आया था। वह वहीं से तलवार लेकर आया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

