मुरादाबाद : भाजपा कर रही लोकतंत्र का हनन, केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बरसे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भाजपा सरकार लोकतंत्र का हनन कर रही है। कांग्रेस पार्टी के खाते सीज करना व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हिटलरशाही का प्रमाण है। यह बातें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने पत्रकार वार्ता में कहीं।

शुक्रवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस के कार्यालय गुरहट्टी पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें एसबीआई के इलेक्ट्रोराल बांड की खरीद की आड़ में हुई खरबों रुपयों की गड़बड़ी को लेकर प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मिथुन त्यागी को कई खुलासे करने थे। परंतु ऐन वक्त पर उन्हें लखनऊ तलब कर लिया गया। उनकी अनुपस्थिति में जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद व महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा ने कमान संभाली। 

आरोप लगाया कि इस बांड घोटाले में कई कंपनियों ने भाजपा को अपनी कुल संपत्तियों के मूल्य से भी अधिक का चंदा दे दिया। इनमें कई कंपनियां तो ऐसी हैं जिनका धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इसी वजह से एसबीआई पर भाजपा ने खुलासा न करने का दबाव बनाया था। उन्होंने कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट हस्तक्षेप न करता तो भाजपा लोकतंत्र को ही समाप्त कर देती। 

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने ईडी व सीबीआई की आड़ में कंपनियों से वसूली की है। अब घोटाले के उजागर हो जाने के बाद दोषी नेताओं को जेल जाने का भय सता रहा है। पत्रकारों के सवालों के जवाब में कांग्रेस नेताओं ने मुरादाबाद समेत इंडिया गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को पूरे मनोयोग से चुनाव लड़ाए जाने की घोषणा की। इस दौरान अनूप दुबे, सुधीर पाठक, अफजल साबरी, अमीरुल हसन जाफरी, अनुराग शर्मा, गंगाराम शर्मा, आलोक सिंह, श्यामसरण, भयंकर सिंह बौद्ध, राजेन्द्र वाल्मीकि, मोहतशीम मुख्तार आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : मकान कब्जाने, धोखाधड़ी के आरोप में सपा सांसद कोर्ट में तलब

संबंधित समाचार