बरेली: दरगाह की गलियों में बढ़ी रौनक, हाजिरी को पहुंच रहे जायरीन
बरेली,अमृत विचार। उर्स-ए-रजवी नजदीक आते ही दरगाह की गलियों में जायरीन की आमद बढ़ गई है। उर्स में शामिल नहीं हो पाने की वजह से लोगों ने अभी से दरगाह पर हाजिरी देना शुरू कर दी है। फूलों की खुशबू से गलियां महक रही हैं। कोई चादर चढ़ाने के लिए जा रहा था तो कोई …
बरेली,अमृत विचार। उर्स-ए-रजवी नजदीक आते ही दरगाह की गलियों में जायरीन की आमद बढ़ गई है। उर्स में शामिल नहीं हो पाने की वजह से लोगों ने अभी से दरगाह पर हाजिरी देना शुरू कर दी है। फूलों की खुशबू से गलियां महक रही हैं। कोई चादर चढ़ाने के लिए जा रहा था तो कोई हाथों में फातेहा का सामान लिए। दरगाह से नात व मनकबत की सदाएं भी गूंजती रहीं। दुकानों की रौनक भी परवान चढ़ रही है।
आला हजरत के 102 वें तीन रोजा उर्स ए रजवी का आगाज 12 अक्टूबर से हो रहा है, मगर इस बार कोरोना महामारी के चलते 100 लोगों को उर्स में शामिल होने की अनुमति दी गई है, जिसके चलते लोगों ने उर्स से पहले ही दरगाह पर हाजिरी देने का सिलसिला शुरू कर दिया है। उर्स को लेकर दीनी किताबों और चादरों की दुकानों रौनक भी बढ़ी है। वहीं, करीबी इलाकों के जायरीन भी हाजिरी देने के लिए पहुंच रहे हैं। दरगाह पर इस बार अरतगुल गाजी की टोपियों की बहुत मांग की जा रही है। इसके साथ ही इत्र और सुर्मा के बाजार में भी लोगों की रुचि ज्यादा हो गई है।
उर्स का दावतनामा लेकर मारहरा रवाना हुए सज्जादानशीन
दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) की कयादत में मारहरा शरीफ दावतनामा लेकर रवाना हुआ। यहां मुफ्ती अहसन मियां ने मारहरा के सज्जादागान सय्यद अमीन मियां बरकाती और सय्यद नजीब मियां बरकाती को दावतनामा सौंप कर उर्स ए रजवी में शिरकत करने की दावत दी।
दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह प्रमुख सुब्हानी मिया की अपील पर शुक्रवार को जुमे की नमाज में मस्जिदों के इमामों ने सभी से उर्सगाह इस्लामियां मैदान में न आने की अपील की। इसके अलावा शहर में भी ई-रिक्शा के माध्यम से ऐलान कराया जा रहा कि लोग अपने घरों में रह कर कुल शरीफ की रस्म अदा करें। सज्जादानशीन ने जसौली में इरशाद रजा, बानखाना में नदीम खान, जखीरा में मिर्जा जुनैद बेग, कटघर में जोहिब रजा के घर जाकर क्षेत्र के लोगों से घरों पर रहकर ही उर्स मनाने की अपील की।
उर्स की तैयारियों का जायजा लेने मथुरापुर पहुंचे नगर निगम के अधिकारी
आला हजरत का 102वां उर्स ए रजवी का आगाज सोमवार से हो रहा है। उर्स की तैयारियां भी अंतिम दौर पर चल रही है। उर्स की सभी रस्मे काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा कादरी की सरपरस्ती और जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष एंव उर्स प्रभारी सलमान मिया की निगरानी में होंगी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारियों ने मदरसा जामियातुर रजा का निरीक्षण किया। कमेटी के शमीम खां सुल्तानी ने बताया अपर आयुक्त अजीत सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी अशोक कुमार, प्रकाश विभाग के प्रभारी राजीव कुमार, मदरसे में उर्स की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
