Unnao: ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने आ रही बस से भिड़े बाइक सवार...एक की मौत, एक घायल
उन्नाव में सड़क हादसे में एक की मौत
उन्नाव, अमृत विचार। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव हरदोई मार्ग पर ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक सवार चाचा भतीजा सामने से आ रही बस से भिड़ गया। घटना में चाचा की मौत हो गयी जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी और घायल भतीजा को इलाज के लिये सीएचसी भर्ती कराया। जहां से डाक्टरो ने हालत गम्भीर देखते हुये उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। घटना के बाद परिजन रो रो कर बेहाल हैं।
फतेहपुर चौरासी निवासी अजीत (25) पुत्र मूलचंद्र अपने तेरह वर्षीय भतीजे अनुज पुत्र बहादुर के साथ बाइक से जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार उन्नाव हरदोई मार्ग स्थित बाबा रेस्टोरेन्ट के सामने एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बांगरमऊ की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस से टकरा गये। सामने से जोरदार टक्कर लगने से बाइक चालक चाचा अजीत की मौके पर मौत हो गयी।
वहीं भतीजा अनुज गम्भीर रुप से घायल हो गया। हादसे की सूचना राहगीरो ने सफीपुर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी श्याम नरायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अनुज को इलाज के लिये सीएचसी सफीपुर मे भर्ती कराया। जहां डाक्टरो ने हालत गम्भीर देखते हुये उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना की सूचना पर परिजनो मे कोहराम मच गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है। प्रभारी श्याम नरायण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाही की जायेगी।
