बदायूं: लोकसभा चुनाव के चलते बड़ी कार्रवाई, 73 पर गुंडा एक्ट तो 40 पर लगी गैंगस्टर
बदायूं, अमृत विचार: लोकसभा चुनाव के चलते जिला और पुलिस प्रशासन की तैयारी तेजी से चल रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। जिले की पुलिस ने आपराधिक किस्म के 73 लोगों पर गुंडा एक्ट और 40 पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है।
एसएसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर अवैध व कच्ची शराब, अवैध शस्त्र की खरीद फरोख्त के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपराध में संलिप्त शातिरों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करने के अलावा जुआ खेलने पर 33 रिपोर्ट दर्ज की और 76 लोगों को हिरासत में लिया गया। जिनसे 77 हजार 609 रुपये की बरामदगी हुई।
अवैध शस्त्र के साथ पकड़े जाने पर 76 लोगों के खिलाफ 76 रिपोर्ट दर्ज हुईं। 25 अवैध तमंचे, 31 जिंदा कारतूस व 55 अवैध चाकू बरामद किए। अवैध शराब में पकड़े जाने पर 217 रिपोर्ट दर्ज करने के साथ 218 लोगों को पकड़ा। जिनके पास से 3 हजार 378 लीटर अवैध शराब और दो शराब भट्टी पकड़ी। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट की 10 रिपोर्ट दर्ज की गईं। जिसमें 14 लोग शामिल थे। उनके पास से 17 किलो 300 ग्राम डोडा, 1.2 किग्रा गांजा और 12.6 किग्रा अफीम मिली।
साथ चार फोन, एक कार, एक ट्रक, नशे के गोली के पत्तों में 140 गोलियां बरामद की। जिनकी कीमत लगभग छह करोड़ रुपये है। दर्ज की गईं 9 रिपोर्ट में 40 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई हुई। 40 आरोपियों को जिला बदर किया गया है। 257 वारंटी जेल भेजे गए। बदायूं पुलिस की यह कार्रवाई मार्च महीने की हैं।
यह भी पढ़ें- बदायूं डबल मर्डर: मासूमों के पिता ने चौराहे पर लगाई आग, मची अफरा-तफरी
