बरेली: कुतुबखाना पुल: युवती के बाद अब युवक की मांझे से कटी गर्दन, बचाव के नहीं किए गए इंतजाम
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार: शहामतगंज, किला, चौपुला के बाद अब कुतुबखाना पुल पर भी लोग मांझे की चपेट में आ रहे हैं। पुल पर मांझे से बचाव के लिए तार नहीं लगाए गए हैं। रविवार की शाम एक युवक की गर्दन मांझे से कट गई। उसे बेटी ने अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले पुल पर एक युवती की भी मांझे से गर्दन कट गई थी, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।वहीं मंगलवार को एक युवक मांझे से कटने से बच गया तो उसने करीब दो घंटे तक लोगों को पुल पर खड़े होकर जागरूक किया। युवक का वीडियो वायरल हो रहा है।
सनराइज एन्क्लेव निवासी रंजीत ने बताया कि वह रविवार शाम को अपनी बेटी तान्या के साथ कुतुबखाना पुल से जा रहे थे। इसी दौरान उनके हेलमेट पर मांझा अटक गया। जब तक वह बाइक रोकते तब तक मांझे से गर्दन कट गई। गर्दन से खून निकलता देख बेटी भी घबरा गई। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि गनीमत रही कि नस नहीं कटी, नहीं तो जान भी जा सकती थी।
रंजीत ने बताया कि उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी है। इससे पहले पुल पर रविवार को दिन में संजयनगर निवासी पूजा यादव की भी गर्दन मांझे से कट गई थी। पूजा को उनके भाई ने राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अब उनकी हालत में सुधार है।
यह भी पढ़ें- बरेली: SSP ऑफिस के पास होली के दिन चोरी, चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में हाथ किया साफ
