कासगंज: रेल पटरी के समीप मिला लापता व्यक्ति का शव, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
मंदबुद्धि बताया जा रहा है मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
कासगंज, अमृत विचार। लापता हुए 40 वर्षीय व्यक्ति का शव कासगंज-कानपुर रेल मार्ग पर नगला नवल के निकट रेल पटरी के समीप मिला है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के मुताबिक व्यक्ति मंदबुद्धि था और पूर्व में भी बिना बताए घर से भाग जाया करते थे।
बुधवार की सुबह कुछ लोगों ने कासगंज-कानपुर रेल मार्ग पर नगला नवल के पूर्वी फाटक के समीप एक व्यक्ति का शव देखा। जब यह खबर आसपास फैली तो बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही थाना सिंकदरपुर वैश्य पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए तो शव की पहचान थाना सिकंदपुर वैश्य के गांव नगला रगी निवासी 40 वर्षीय कुंवर सिंह पुत्र बाबू सिंह के रूप में हुई।
वहीं, पुलिस ने जानकारी परिजनों को दी। जबकि थाने पर गुमशुदगी दर्ज थी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो पुत्र हरीश ने शव की पहचान अपने पिता के शव के रूप में की। पुत्र के मुताबिक उनके पिता मंदबुद्धि थे और पूर्व में भी कई बार घर छोड़कर चले गए थे। उसने बताया कि 25 मार्च को घर से निकले थे जब देर रात तक वापस नहीं लौटे तो थाने पर गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें- कासगंज: डग्गेमार वाहन में यात्री को जहरखुरानों ने बनाया शिकार, नगदी और सामान लेकर फरार
