बरेली: पंजीकृत किसान 10 हजार, धान मात्र 84 ने बेचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिले में धान खरीद के लिए अभी भले ही लक्ष्य नहीं मिला है लेकिन 73 क्रय केंद्र एक अक्टूबर से खोल दिए गए थे। धान बेचने के लिए 10 हजार से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है लेकिन धान में नमी का खेल कहें या कुछ और कि खरीद की रफ्तार सुस्त ही …

बरेली,अमृत विचार। जिले में धान खरीद के लिए अभी भले ही लक्ष्य नहीं मिला है लेकिन 73 क्रय केंद्र एक अक्टूबर से खोल दिए गए थे। धान बेचने के लिए 10 हजार से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है लेकिन धान में नमी का खेल कहें या कुछ और कि खरीद की रफ्तार सुस्त ही दिख रही है।

10 दिन बीत चुके हैं, 49 केंद्रों पर धान का एक भी दाना नहीं पहुंचा है। हालांकि, अफसरों का दावा है जिन 24 क्रय केंद्रों पर खरीद हुई है, वहां शनिवार तक 84 किसानों से 4389 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। कुछ केंद्र ऐसे ही हैं जहां धान पहुंच रहा है उनमें अधिकांश किसानों को नमी की बात कहकर लौटाया जा रहा है।

शासन ने 2020-21 के लिए सामान्य धान का समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जबकि ग्रेड-ए का मूल्य 1888 प्रति क्विंटल निर्धारित है। जिले में छह एजेंसियों के पीसीएफ, पीसीयू समेत 73 केंद्रों पर धान बेचने के लिए अब तक 10 हजार से अधिक किसान पंजीकरण करा चुके हैं लेकिन 49 केंद्रों पर बोहनी तक नहीं हो सकी है।

डिप्टी आरएमओ सुनील भारती ने बताया शनिवार तक 84 किसानों से 24 क्रय केंद्रों पर 4,389 क्विंटल धान खरीदा गया है। शनिवार को 829 क्विंटल धान की खरीद हुई है। उन्होंने बताया कि धान गीला होने की वजह से किसान केंद्रों का रुख नहीं कर रहे। वहीं, दूसरी बहेड़ी, नवाबगंज स्थित क्रय केंद्रों पर धान खरीद के नाम पर किसानों को परेशान करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। बताया जाता है कि किसान जब क्रय केंद्र पर धान लेकर पहुंचता है तो उसे नमी बताकर लौटा दिया जाता है।

संबंधित समाचार