बिहार में पहले चरण में लोकसभा चुनाव की दोनों सुरक्षित सीट पर NDA ने विजयी प्रत्याशी बदले 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार में प्रथम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव में चार सीटों में से दो सुरक्षित सीट गया (सु) और जमुई (सु) सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक (राजग) ने अपने विजयी प्रत्याशी बदल दिये हैं। बिहार में लोकसभा की 40 सीटों में से हाजीपुर, समस्तीपुर जमुई, गोपालगंज, सासाराम और गया सुरक्षित सीट है। बिहार में प्रथम चरण में चार सीट गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु.) के लिए मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा। इनमें दो (सु) सीट गया और जमुई पर राजग ने अपने विजयी प्रत्याशी बदल दिये हैं। 

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राजग में शामिल जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी विजय कुमार मांझी ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के उम्मीदवार महागठबंधन के प्रत्याशी जीतन राम मांझी को पराजित किया था। वर्ष 2024 के चुनाव में जीतन राम मांझी महागठंधन छोड़कर राजग गठबंधन में शामिल हो गये हैं। राजग के घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल में गया (सु) सीट इस बार पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) को दे दी गई है। 

इस तरह से वर्ष 2019 में जदयू के टिकट पर विजयी विजय कुमार मांझी इस बार के चुनावी संग्राम से बाहर हैं। गया (सु) सीट पर हम प्रत्याशी जीतन राम मांझी चुनाल खुद लड़ रहे हैं वहीं इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडी गठबंधन) में शामिल (राजद) प्रत्याशी और बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं। गया (सु) इस बार के लोकसभा चुनाव में एकमात्र सीट है, जहां दो विधायक जीतन राम मांझी और कुमार सर्वजीत के बीच मुकाबला होगा। 

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जमुई (सु) सीट पर राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान पासवान ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) उम्मीदवार और पूर्व सांसद भूदेव चौधरी को पराजित किया था। इस बार के चुनाव में राजग के घटक दल लोजपा-रामविलास से चिराग पासवान ने जमुई (सु) सीट से अपने जीजा अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है।

चिराग पासवान ने हाजीपुर (सु) लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। वहीं, इस बार के लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जमुई (सु) सीट से अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है।अर्चना रविदास मुंगेर के राजद नेता मुकेश यादव की पत्नी हैं और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। अर्चना रविदास पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। 

ये भी पढ़ें- RJD के 26 योद्धा ‘लालटेन’ रौशन करने चुनावी रण में उतरने को तैयार

संबंधित समाचार