सुलतानपुर: खाता फ्रीज मामले में कांग्रेस हुई 'गर्म', किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खाते से 135 करोड़ लेकर खाता फ्रीज किए जाने और अभी दो दिन पूर्व 1823.08 करोड़ रुपए पुनः भुगतान करने के लिए इनकम टैक्स द्वारा भेजी गई नोटिस को लेकर जिले के कांग्रेसियों ने नाराजगी जाहिर की। विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा। 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की उपस्थिति में दर्जनों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में आये सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के खाते से 135 करोड़ रुपए ट्रांसफर करा कांग्रेस के विभिन्न बैंक खातों को फ्रीज करा दिया गया। दो दिन पूर्व 1823.08 करोड़ रुपए भुगतान के लिए इनकम टैक्स द्वारा एक बार फिर कांग्रेस पार्टी को नोटिस भेजी गई, जिसे लेकर कांग्रेसियों में आक्रोश व्याप्त है।

जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।  आम लोकसभा चुनाव के समय अपनी हार के डर से भाजपा  सरकारी संस्थाओं के माध्यम से कांग्रेस के खिलाफ़ घिनौनी साजिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता व नेता भाजपा व इनकी एजेंसियों की दमनकारी नीतियों से डरने वाले नहीं है, हम अंतिम समय तक लड़ेंगे और जीतने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर सरकारी एजेंसियों ने ऐसे समय में कांग्रेस का खाता फ्रिज किया है जिससे कांग्रेस लोकसभा चुनाव में कमजोर पड़ जाए। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसियों ने महामहिम राष्ट्रपति से कांग्रेस के सभी खातों को पुनः चालू करने की मांग की। इस मौके पर उपाध्यक्ष सुब्रत सिंह सनी, शहर उपाध्यक्ष महेश मिश्र, सेवादल अध्यक्ष अरुण तिवारी आदि रहे। 

यह भी पढ़ें: गोंडा: बेसिक शिक्षा विभाग ने आयोजित की 'हमारा आंगन हमारे बच्चे' कार्यशाला, जानिए किस बात पर हुई चर्चा...

संबंधित समाचार