लखनऊ: होली मिलन समारोह में बोले केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर- नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश की जरूरत
लखनऊ, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि होली का त्योहार खुशी और उत्साह का त्यौहार है इसको हम सभी को पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। होली के मौके पर समाज में कुरीत के रूप में जो नशा करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है उस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है । उन्होंने अगले वर्ष 2025 मे होली का त्यौहार नशा मुक्त हो इस प्रकार की शपथ आए हुए सभी लोगों को दिलवाई।
उन्होंने बताया की लगभग 14 लाख लोग प्रतिवर्ष कैंसर से मारे जाते जिनमें से 80% लोग शराब अन्य नशीली चीजों के कारण होने वाले कैंसर से अपना जीवन गवां देते हैं जिससे देश को काफी बड़ी जनशक्ति का नुकसान होता है। उन्होंने लोगों से देश को आगे ले जाने के लिए विकसित बनाने के लिए आवाहन किया कि सभी लोग मिलजुल कर उद्यमिता को बढ़ावा दें जिससे हम विश्व में आर्थिक शक्ति बन सके तथा अपने परिवार व देश को आगे ले जा सके। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने यह बातें रविवार को भोनवाल एजुकेशनल परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान कही।
इस अवसर पर लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह ने लोगों से समाज के लिए अपना समय देने की अपील की। जिससे समाज में फैलने वाले कुरीतियों व मनमुटाव को दूर किया जा सके और एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम की आयोजिका मोनिका भोनवाल ने आए हुए सभी अतिथियों को होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही अपने घर व आसपास के क्षेत्र को कैसे स्वच्छ रख सकते हैं इस पर विस्तार से चर्चा भी किया । उन्होंने कहा कि रसोई से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ जैसे फल एवं सब्जियों के छिलके तथा कच्ची खराब सब्जी, फलों के निस्तारण के लिए कचरा निस्तारण पात्र की जानकारी दी । जिससे एक तरफ घर से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ का सदुपयोग होता है वहीं दूसरी तरफ कचरा निस्तारण पात्र से निकलने वाला तरल द्रव खाद का काम करता है जिससे कि रसायन मुक्त फल और सब्जी प्राप्त हो सकती है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: डॉक्टरों के आयोजनों में अब नहीं छलकेंगे जाम, दूसरों की शराब छुड़ाने के लिए पहले खुद बनाएंगे दूरी
