बलरामपुर: महिला की मौत मामले में तथाकथित झोलाछाप डाक्टर गिरफ्तार
पेट दर्द की शिकायत होने पर झोलाछाप ने लगाए थे तीन इंजेक्शन
बलरामपुर अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से फलफूल रहे तथाकथित झोलाछाप डाक्टर मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। गत 31 मार्च को रेहराबाजार के पकड़ी भुवांरि गांव में झोलछाप ने 25 वर्षीया संजू को पेट दर्द की शिकायत होने पर तीन इंजेक्शन लगा दिए। इससे महिला के मुंह से झाग निकलने लगा और माैके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतका के पति लक्ष्मणपुर बंजरिया निवासी विनोद वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर झोलाछाप राजाबाबू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि विनोद की पत्नी संजू देवी पकड़ी भुंवारि गांव स्थित अपने मायके में थी। 31 मार्च को उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। वह दवा लेने के लिए राजाबाबू की क्लीनिक पर गई। उसने दवा मांगी तो राजाबाबू ने इंजेक्शन लगाया। संजू वहीं बैठ गई। 10 मिनट में आराम न होने पर उसने पुन: राजाबाबू से दर्द होने की बात कही। राजाबाबू ने उसे लगातार दो इंजेक्शन और दिए। इंजेक्शन लगते ही संजू की हालत बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। देखते ही देखते संजू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति विनोद की तहरीर पर एक अप्रैल को रेहराबाजार थाना में गैर इरातदन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और मंगलवार को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
