Kanpur Dehat: विद्युत पोल से भिड़ी रोडवेज बस...50 सवारियों को लेकर जा रही थी झांसी, ओवरटेक करने में हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में ओवरटेक करने में विद्युत पोल से रोडवेज बस भिड़ गई

कानपुर देहात, अमृत विचार। कानपुर से करीब आधा सैकड़ा सवारियों को लेकर जा रही झांसी डिपो की बस हाईवे पर जैनपुर के पास आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर विद्युत पोलों से टकराते हुए सर्विस लेन किनारे जाली से भिड़ गई।

जिससे सवारियों में हड़कंप मच गया। हादसे में पांच सवारियां मामूली रूप से चुटहिल हो गए। गनीमत रही कि टकराने के बाद विद्युत तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे हादसा होते बच गया।

बुधवार दोपहर झांसी डिपो की रोडवेज बस कानपुर नगर से 50 सवारियों को बैठाकर झांसी जा रही थी। तभी अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-झांसी हाईवे पर जैनपुर स्थित एक फैक्ट्री के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में रोडवेज बस अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे खड़े बिजली के डबल पोल व एक सिंगल पोल से टकराते हुए की सर्विस लेन किनारे लगी लोहे की जाली से भिड़ गई।

हादसे के चलते सवारियों में चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सवारियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में अक्षय सिंह निवासी टंडनगंज थाना कालपी, गीता, राजरानी निवासी चुन्नीगंज कानपुर, जयकरन खेड़ा बेहटा उन्नाव व फैमीदा समेत अन्य यात्री मामूली रूप से चुटहिल हो गए।

रोडवेज बस चालक योगेश कुमार ने बताया कि आगे चल रहे ट्रक चालक के अचानक वाहन मोड़ने के चलते बस अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई। वहीं हादसे की सूचना पर जैनपुर चौकी पुलिस ने मौके पर जाकर चुटहिल बस यात्रियों का निजी अस्पताल में इलाज कराया।

अकबरपुर कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि हादसे में बस सवार यात्री मामूली रूप से जख्मीं हुए है। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत पोल टूटने से जिला मुख्यालय व अकबरपुर की गुल हुई बिजली

जैनपुर में रोडवेज बस की टक्कर से तीन बिजली पोल टूटने से जिला मुख्यालय समेत अकबरपुर नगर की बिजली करीब शाम तीन बजे गुल हो गई। जिसके चलते अधिकांश सरकारी कार्यालयों में कामकाम प्रभावित हो गया। वहीं देर शाम तक आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

जिसके चलते जिला मुख्यालय के कार्यालयों व अकबरपुर नगर के घरों में लगे इंवर्टर भी दगा दे गए। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा। बिजली न आने के कारण दुकानदार भी सन्नाटे में बैठे रहे। लाइनमैन बादल सिंह ने बताया कि बस की टक्कर से तीन विद्युत पोल टूटे हैैं। जिनकी मरम्मत शुरू की गई है। देर रात तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। 

ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat: जेल में बंद कैंसर पीड़ित दुष्कर्म के बंदी की बिगड़ी हालत...जेल वार्डन लेकर पहुंचे अस्पताल, मौत

 

संबंधित समाचार