Banda Accident: कार और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत...दो की मौत, आठ घायल, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बांदा में सड़क हादसे में दो की मौत
बांदा, अमृत विचार। गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार और ऑटो में आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई है। हादसे में मां बेटे समेत दस लोग घयाल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां ऑटो सवार नत्थू व एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगवां गांव निवासी राकेश (40) , पत्नी ज्ञान देवी (35), पुत्र मानीव उर्फ नीशू (9), शुभि (6) , पिता फदाली (58) के साथ प्रयागराज से अस्थियां विसर्जित कर कार से गुरुवार की देर रात घर लौट रहे थे। कार को छतरपुर के बिजौरी गांव का चालक अमित (25) चला रहा था।
गिरवां थाना क्षेत्र के महुआ गांव के पास कार और ऑटो में आमने सामने की टक्कर हो गई। दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, शहर से खुरहंड गांव सवारियों को लेकर जा रही ऑटो में चार लोग सवार थे।
ऑटो सवार घायल बरसड़ा गांव निवासी न्यामत (40) को जिला अस्पताल व जमरेही गांव के मेहंदी हसन (34), गांव के नत्थू (60) पुत्र कलुवा व महिला केसरी (50) पत्नी रामलाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां ऑटो सवार नत्थू और एक अन्य केसरी नामक महिला की मौत हो गई।
सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि गिरवां थाना क्षेत्र में आमने सामने हुई भिड़ंत में दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur: इरफान सोलंकी बोले- 'कोर्ट में पेशी में लाया गया है या...हो सकता है कि मेरी भी खबर आए कि अटैक पड़ गया'
