Hamirpur: स्ट्रेचर में कोर्ट आया दुष्कर्म का आरोपी सिपाही; पति से मिलाई करने आई महिला के साथ किया था सामूहिक दुष्कर्म

Hamirpur: स्ट्रेचर में कोर्ट आया दुष्कर्म का आरोपी सिपाही; पति से मिलाई करने आई महिला के साथ किया था सामूहिक दुष्कर्म

हमीरपुर, अमृत विचार। दस साल पूर्व अपने पति से जेल में मिलाई को आई महिला को गुमराह कर अपने साथी के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोपी सिपाही स्ट्रेचर में कोर्ट पहुंचा। जिसे कोर्ट के बाहर फर्श पर लेटा दिया गया। जबकि दूसरे आरोपी की मुकदमे के दौरान मौत हो गई है।

शुक्रवार को एफटीसी प्रथम कोर्ट के बाहर गेट के सामने दुष्कर्म का आरोपी सिपाही लेटा मिला। सहायक शासकीय अधिवक्ता महेश द्विवेदी ने बताया कि राठ थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित महिला का पति जिला कारागार में बंद था। जिसने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि पुलिस लाइन में तैनात आरोपी सिपाही ब्रजेंद्र सिंह ने उसे फोन कर सूचना दी कि उसके पति की तबियत खराब है। तुम आकर उससे मिल लो, तो वह आरोपी सिपाही की बातों में आकर 21 मार्च 2013 को मुख्यालय आई थी। 

तभी आरोपी मिल गया और उससे कहा कि चलो तुम्हारी मिलाई करा देता हूं। उसे जेल गेट के पास ले जाकर कहा कि अब मिलाई नहीं हो पाएगी। कहा कि घर चलो वहां उसके बच्चे व पत्नी है। बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे वह उसके घर पहुंची तो वहां कोई नहीं था। तभी आरोपी सिपाही ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। उसे जानमाल की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 

वह रोती चिल्लाती रही, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। तभी आरोपी का साथी जहान सिंह निवासी जौहरपुर, तिंदवारी बांदा ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जून 2013 में दुष्कर्म का मामला दर्जकर आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया था। 

शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि दूसरे आरोपी जहान सिंह की मुकदमा दौरान मौत हो गई है। वहीं जनपद जालौन के चुर्खी थानाक्षेत्र के नादई गांव निवासी आरोपी सिपाही ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि वह पैरालाइज हो गया है, जिसके चलते इलाज चल रहा है। कहा कि दुष्कर्म मामले की तारीख लगी थी। जिसमे बहस होनी थी। जिसके चलते उसे आना पड़ा। कहा कि वह बांदा में तैनात है।

यह भी पढ़ें- Jalaun: कबाड़ की दुकान में वर्षों से बेच रहे थे अवैध तरीके से पेट्रोल और डीजल; पांच गिरफ्तार, इतने हजार लीटर डीजल बरामद