लखनऊ: सील बिल्डिंग में हो रहा निर्माण कार्य, अधिकारियों ने नहीं सौंपी जांच रिपोर्ट, अभियंता उठा रहे फायदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सील किए गए भवनों में अवैध रूप से निर्माण कार्य जारी है। बिल्डर और अभियंताओं के गठजोड़ से यह खेल चल रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद शहर में हो रहे निर्माण का सत्यापन कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी थी। 31 मार्च बीतने के बावजूद अधिकारियों ने रिपोर्ट नहीं सौंपी है। जबकि जांच के दौरान अधिकारियों को सील बिल्डिंग में निर्माण होते मिले थे। 

रिपोर्ट तैयार करने में हो रही देरी का फायदा प्रवर्तन जोन में तैनात अभियंता उठा रहे हैं। जांच में पाए गए बिना मानक के निर्माणों पर कार्रवाई के नाम पर लोपापोती में जुट गए हैं। सचिव विवेक श्रीवास्तव को जोन एक, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा को जोन चार व पांच, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह को जोन दो एवं तीन और मुख्य नगर नियोजक केके गौतम को जोन छह और सात में अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग, रो-हाउस, व्यावसायिक निर्माण आदि का निरीक्षण करके 31 मार्च तक रिपोर्ट मांगी थी।

सील व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में पकड़ा निर्माण

एलडीए ने शनिवार को गोमती नगर व अमीनाबाद में दो सील व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में निर्माण पकड़ा है। दोनों बिल्डिंग प्रवर्तन दस्ते ने दोबारा सील कर दीं। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि शीला गुप्ता व अन्य द्वारा गोमती नगर के विभूति खण्ड में भूखण्ड संख्या ए-2 पर लगभग 3,00 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत काॅमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा था।

इसके अलावा नाजनीन फातिमा व अन्य द्वारा अमीनाबाद की गन्ने वाली गली, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित भूखण्ड संख्या-100/68 पर लगभग 2,000 वर्गफिट क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। दोनों प्रकरणों में विहित न्यायालय ने सीलिंग का आदेश दिया था। प्रवर्तन जोन-1 व 6 की टीम ने दोनों बिल्डिंगों को सील किया था।

यह भी पढ़ें:-Lok Sabha Elections 2024: बहराइच सीट पर छह बार बाहरी प्रत्याशियों ने जमाया कब्जा, लेकिन भाजपा ने...

संबंधित समाचार