मुरादाबाद : घर-घर मतदाता पर्ची वितरित कर रहे बीएलओ
मतदाता सूचना पर्ची का वितरण प्रत्येक हाउस होल्ड को 7 से 14 अप्रैल तक करना है
आशियाना फेज एक टीचर्स कालोनी में मतदाता प्राची दीक्षित को मतदाता सूचना पर्ची वितरित करतीं बीएलओ चारु, साथ में बीएलओ हर्षवर्धन
मुरादाबाद, अमृत विचार। 19 अप्रैल को मतदान करने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं को मतदान पर्ची का वितरण कराया जा रहा है। इस पर्ची में मतदाता का लोकसभा क्षेत्र के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र, नाम, लिंग, पति या पत्नी या पिता का नाम, भाग संख्या निर्वाचन आयोग का हेल्पलाइन नंबर 18001801950 भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा मतदान की तारीख 19 अप्रैल व मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक, मतदाता क्रमांक, भाग संख्या और मतदान केंद्र का नाम और कक्ष संख्या भी मुद्रित किया गया है।
आशियाना फेज एक कालोनी में बीएलओ हर्षवर्धन व चारु सहित नौ बीएलओ को ड्यूटी पर मतदान पर्ची वितरित करने के लिए लगाया गया है। आशियाना फेज एक टीचर्स कालोनी की मतदाता प्राची दीक्षित ने बताया कि उन्हें बीएलओ चारु ने मतदाता सूचना पर्ची दी है। इसके आधार पर वह अपना वोट अवश्य डालकर एक सच्चे नागरिक और मतदाता का परिचय देकर लोकतंत्र को और मजबूत करेंगी। साथ ही अपने परिवार व आसपास के मतदाताओं को भी मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित करेंगी।
वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने लोकसभा चुनाव में मतदाताओं के लिए जानकारी एवं सहायता पुस्तिका वोटर गाइड एवं मतदाता सूचना पर्ची वितरण कराने का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार वोटर गाइड के साथ-साथ मतदाता सूचना पर्ची का वितरण प्रत्येक मतदाता एवं वोटर गाइड का वितरण प्रत्येक हाउस होल्ड को 7 से 14 अप्रैल तक करना है। वितरण से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रारुप पर कार्यालय में उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मतदाता पहचान पत्र न होने पर इन विकल्पों से भी डाल सकते हैं वोट, आयोग ने दिया है मतदाताओं को विकल्प
