शाहजहांपुर: सिंधौली पुलिस का टॉप-10 अपराधी रमजानी जिला बदर घोषित, पत्नी पहले गांव की रह चुकी है प्रधान
सिंधौली/ शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव भटपुरा रसूलपुर निवासी टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रमजान अली उर्फ रमजानी को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। यह आदेश अपर जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सुरेश कुमार ने जारी कराते हुए नोटिस तामील कराया गया है। रमजानी के खिलाफ हत्या, उत्तर प्रदेश गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में सिंधौली, रोजा, सदर बाजार, पुवायां थाने में 24 अपराधिक मामले दर्ज हैं।
रमजानी की पत्नी बब्ली खां पूर्व में गांव की प्रधान भी रह चुकी है और इसी आधार पर वह खुद को एक संभ्रांत नागरिक बता रहा था लेकिन सिंधौली थाना पुलिस ने 21 फरवरी 2024 को दी गई आख्या में उसे टॉप-10 अपराधी बताते हुए उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में दर्ज अपराधिक मामले होने का जिक्र किया गया।
इसी आधार को मजबूत मानते हुए अपर जिला मजिस्ट्रेट ने उसे छह माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया और इसके साथ यह भी कहा गया कि यदि जनपद में किसी कारणवश प्रवेश करेगा तो इसकी सूचना इस न्यायालय को देनी होगी और न्यायालय की स्वीकृति के उपरांत ही मात्र स्वीकृति अवधि के लिए रमजानी को प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
जिला बदर रमजानी को इस बात के लिए भी आदेशित किया गया है कि उसे जनपद की सीमा के बाहर रहने के स्थान का पूरा पता संबंधित थाने पर उपलब्ध कराना होगा। इस दौरान उस पर नजर रखी जाएगी, यदि उसके क्रिया कलाप समाज के लिए अवांछनीय पाए जाते हैं तो उस पर यह कार्रवाई बढाई जा सकती है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: किशोरी के अपहरण की घटना निकली झूठी, मामला प्रेम प्रसंग में बदला
