शाहजहांपुर: किशोरी के अपहरण की घटना निकली झूठी, मामला प्रेम प्रसंग में बदला
लापता हो गई थी घर से पैसे निकालने निकली किशोरी
बंडा/शाहजहांपुर, अमृत विचार। अपने घर से जन सेवा केंद्र पर पैसे निकालने की बात कहकर निकली 15 वर्षीय किशोरी करीब चार घंटे तक घर नहीं पहुंची तो किशोरी के परिवार के लोग परेशान होकर थाने पहुंचे और किशोरी के फोन पर रोने और जंगल में पहुंचने की बात बताई। इस पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और पुलिस ने किशोरी के फोन पर बात कर उससे जानकारी की, लेकिन वह फोन पर लगातार रोती रही। जहां पास खड़े एक युवक ने पुलिस को किशोरी के सुनासीर नाथ धाम के पास एक पुलिया पर खड़े होने की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया और थाने लाई तो पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग का है।
मां से जन सेवा केंद्र पर पैसे निकालने की बात की
शनिवार करीब साढ़े ग्यारह बजे बंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी ने पहले तो अपनी मां से जन सेवा केंद्र पर पैसे निकालने की बात की। उसके बाद घर से 200 रुपए लेकर पैसे जमा करने की बात कहकर निकल गई। इस दौरान वह अपने प्रेमी के साथ उसकी प्लेटिना बाइक पर बैठकर निकल गई और करीब चार घंटे तक घर नहीं पहुंची तो उसकी मां उसके लिए परेशान होने लगी और आस पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और जन सेवा केंद्र तक ढूंढ कर आ गई, लेकिन किशोरी का पता नहीं लगा।
पुलिस किशोरी को थाने लाई तो हैरान
पुलिस ने किशोरी के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो किशोरी फोन उठाते ही रोने लगी। पुलिस जब किशोरी को थाने लाई तो उसके शरीर पर दो तीन जगह चोट के निशान थे, जिन्हें देखकर घटना वास्तव में अपहरण की ही लग रही थी, लेकिन जिस जगह से किशोरी बरामद हुई वहां मौजूद लोगों ने बताया कि किशोरी ने उन लोगों को बताया कि वह बाईक पर बैठी थी और अचानक ही बाईक से फिसलकर गिर गई, जिससे उसे चोट आ गई।
समाधि के पास बैठकर रोती रही किशोरी
उसके बाद वह कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गई। वहीं सुनासीर नाथ धाम के पास बनी स्वामी जी की समाधि के पास मौजूद एक युवक ने बताया कि किशोरी करीब दो घंटे तक स्वामी जी की समाधि स्थल के परिसर पर बैठकर रोती रही। किशोरी को रास्ते में ही एक युवक ने अपनी प्लेटिना बाइक से उतार दिया और वह उसे छोड़कर भाग गया।
मामला प्रेम प्रसंग का निकला
किशोरी ने युवक की बाईक के पीछे दौड़कर उसे वापस उसके घर छोड़ देने की बात कही थी, लेकिन बाइक सवार युवक बिना रुके मौके से भाग गया। इस बाबत थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्या ने बताया कि किशोरी अपनी मर्जी से अपने घर से गई थी। मामला प्रेम प्रसंग का है। अपहरण की घटना पूरी तरह से झूठी है। किशोरी के परिवार के लोग कोई भी कानूनी कार्रवाई न करने की बात कहकर उसे अपने साथ लेकर चले गए।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: संपत्ति को लेकर भिड़े विधायक के भाई, थाने में हंगामा
