शाहजहांपुर: संपत्ति को लेकर भिड़े विधायक के भाई, थाने में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रात में ही एएसपी सिटी और सीओ सदर पीएसी लेकर पहुंच गांव, की जांच 

निगोही(शाहजहांपुर), अमृत विचार। संपत्ति विवाद को लेकर भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा के भाई आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट और लूटपाट किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने पहुंचे, जहां इंस्पेक्टर पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एक पक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

मामले की जानकारी जिले के अधिकारियों तक पहुंची तो एसपी के आदेश पर रात में ही एएसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सदर अमित चौरसिया ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद एक पक्ष की तहरीर पर दो विपक्षी भाइयों सहित छह को नामजद करते हुए 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।

क्षेत्र के गांव हरपरा निवासी रामेंद्र सिंह उर्फ लल्ला सिंह ने बताया कि उसके पिता रीतराम का निधन 19 अप्रैल 2023 को हो गया था। पीड़ित ने बताया कि मेरे भाई राघवेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, राजेंद्र सिंह  उर्फ रवि से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों भाइयों ने मेरे हिस्से की जमीन पर जबरिया कब्जा करने के लिए शनिवार शाम करीब चार बजे खेत पर आए। दोनों भाइयों के साथ 15 से 20 लोग और थे। जिनमें अंडखेड़ा निवासी सरोज यादव, अमित कुशवाहा, शन्तू मौर्य, मोहित मौर्य आदि लोग लाठी-डंडा व नाजायज हथियार, राजेंद्र लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर आए और खेत जोतने लगे। विरोध करने पर आरोपी कहने कहने लगे कि इसे पकड़ लो और जान से मार दो, हमारी बहन विधायक है, कुछ भी नहीं होगा।

पीड़ित ने बताया कि तभी वह अपनी पत्नी को लेकर बाइक से थाना निगोही आ रहा  था। रास्ते में रुक कर उसने फोन पर उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। तभी अधिकारियों ने कहा कि थाने आ जाओ। इसी दौरान दोनो भाई अपने 20 अन्य साथियों के साथ आ गए और मारपीट करने लगे।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे बाइक से खींचकर गन्ने के खेत में ले गए, जहां उसके साथ लात-घूसों से मारपीट करने लगे। पत्नी ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया तो आरोपियों ने पत्नी के साथ भी मारपीट और अभद्रता की।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान उसका लाइसेंसी रिवाल्वर, दो मोबाइल छीन लिए और पत्नी के गले से चेन खींच ली, तभी पड़ोस में अपने खेतों पर  काम कर लोगों ने शोर सुना, तब वह लोग दौड़ पडे, तभी आरोपी लोग मुझे व मेरी पत्नी को  छोड़कर अपनी गाड़ियों से भाग गए। इस घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे पर मारपीट, लूटपाट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे।

इस दौरान एक पक्ष ने हंगाम करना शुरू कर दिया। जिस पर मामले की जानकारी एसपी अशोक कुमार मीणा को दी गई। एसपी के आदेश पर रात करीब 11 बजे एएसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सदर अमित चौरसिया और एक गाड़ी पीएसी के साथ गांव पहुंच गए। जहां मामले की जानकारी करने के बाद देर रात थाने लौटे और फिर रामेंद्र सिंह उर्फ लल्ला सिंह की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।

जमीन के आपसी विवाद में गाली-गलौज मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष रामेंद्र उर्फ लल्ला द्वारा अपने दो सगे भाइयों व अन्य के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है,दूसरे पक्ष की तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी-संजय कुमार, एएसपी सिटी।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 7.5 लाख रुपये की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से खरीदी...कार से बेचने जा रहे थे बरेली

संबंधित समाचार