शाहजहांपुर: 7.5 लाख रुपये की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से खरीदी...कार से बेचने जा रहे थे बरेली
शाहजहांपुर, अमृत विचार: एसओजी, सर्विलांस और पुवायां पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से एक कार, 2.450 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 7.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
शनिवार रात को एसओजी, सर्विलांस व थाना पुवायां पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि कुछ मादक पदार्थ तस्कर एक चार पहिया गाडी(कार) से मोहम्मदी जनपद खीरी की तरफ से पुवायां होते हुए बरेली की तरफ जा रहे हैं। उनके पास भारी मात्रा में अफीम है।
इसी सूचना पर पुलिस टीम ने मोहम्मदी की तरफ से सतवां बुजुर्ग चौराहा पर बैरियर लगाकर कार को रोक लिया और उसमें बैठे लखनऊ के थाना मोहनलालगंज के गांव रानीखेड़ा निवासी ललित कुमार और लखीमपुर खीरी के थाना तिकुनिया के दाराबोझी बनवारीपुर निवासी तजविंदर सिंह को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर अलग अलग दो पैकेटो में कुल 2.450 किलोग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड और 1170 रुपये की नगदी, एक पेन कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में तजविंदर सिंह ने बताया कि उसका घर नेपाल बार्डर के पास पड़ता है, वह कभी-कभार लखनऊ में रहकर ड्राइवरी का काम करता है, इसी दौरान इसकी मुलाकात अपने ललित से हो गई ललित के पास कार है, जो किराये पर चलाता है, दोनों ने मिलकर योजना बनाई कि नेपाल जाकर सामान खरीद लेंगे और उसको लाकर अपने बाजार में बेच देंगे।
इसी दौरान वहां पर एक नेपाली व्यक्ति से मुलाकात हो गई थी, उससे सस्ते दाम (करीब 1.5 लाख रुपये) में यह अफीम हम लोगों ने खरीद ली और इसे बेचने के लिए बरेली जा रहे थे। जहां हाइवे किनारे ढाबों पर चलते फिरते अफीम अच्छे रेटों में बिक जाती है।पकड़े गए लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालान किया गया है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय युवक को लगा करंट, मौत
