लखीमपुर खीरी: जंगल से फिर आई खुशखबरी, अबकी चार शावकों के साथ दिखी बाघिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुधवा टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए आने वाले सैलानियों के लिए खुशी की खबर है। इन दिनों चार शावकों के साथ बाघिन जंगल सफारी के रास्ते पर ही टहलती अक्सर दिख रही है। रविवार की शाम को एक बाघ रास्ते में दिखा, जिसे देख सैलानी रोमांचित हो उठे। वहीं शनिवार की शाम दूसरी शिफ्ट में चार शावकों के साथ बाघिन को देख सैलानियों में उत्साह है।

66d19729-9b4d-42a4-9f8e-af67f83398b6

दुधवा की किशनपुर रेंज में कई दिनों से लगातार बाघ दिखने से सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। दुधवा टाइगर रिजर्व के उप निदेशक डॉ. रंगाराजू टी ने बताया कि शनिवार को दिल्ली, लखनऊ और उत्तराखंड से कुछ सैलानी जंगल सफारी करने आए थे। शनिवार को दूसरी शिफ्ट में जंगल सफारी के दौरान एक जगह चार शावकों के साथ बाघिन चहलकदमी करती दिखी। उसे देखकर चालकों ने जिप्सी रोक दीं। बाघिन रोड पर बैठी थी, जबकि उसके शावक उसके संग अठखेलियां कर रहे थे। काफी देर तक बाघिन बैठी रही। इसके बाद वह उठकर चली तो चारों शावक भी उसके पीछे चल दिए। सैलानियों ने कैमरे में चार शावकों और बाघिन की तस्वीरों को कैद कर लिया। 

उन्होंने बताया कि यही नजारा दुधवा में भी देखने को मिल रहा है। रविवार की सुबह जंगल सफारी के दौरान सैलानियों की जिप्सी के आगे अचानक एक बाघ आ गया और निकलकर दूसरी ओर चला गया। शावकों के साथ बाघिन होने के कारण किशनपुर सेंच्युरी में अलग से ड्यूटी लगाकर मॉनीटरिंग कराई जा रही है। शावकों और बाघिन की सघन निगरानी के लिए शिफ्टों में टीमें लगाई गई हैं। शावकों के संग बाघिन दिखने के कारण सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। उप निदेशक ने बाघों का कुनबा बढ़ने को लेकर खुशखबरी बताई है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: चार घरों में चोरों ने बोला धावा, नकदी समेत पांच लाख के जेवर पर हाथ किया साफ

संबंधित समाचार