लखीमपुर-खीरी: चार घरों में चोरों ने बोला धावा, नकदी समेत पांच लाख के जेवर पर हाथ किया साफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना खीरी की पुलिस चौकी ओयल क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। बेखौफ चोरों ने लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन पर स्थित गांव मारखापुर के चार घरों पर धावा बोल दिया। चोर 65 हजार की नकदी समेत चारों घरों से करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। तीनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।

गांव मरखापुर निवासी हरीश सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। पीछे की दीवार के सहारे चोर आधी रात के बाद छत पर चढ़ आए और जीने के रास्ते घर के अंदर घुस आए। वहां रखा सारा सामान खंगाल डाला। इस दौरान चोरों के हाथ कमरे में पड़ी बेड के नीचे रखी चाभी लग गई। जिससे लोहे की अलमारी का लॉकर खोलकर चोर करीब 60 हजार रुपये की नकदी, एक सोने का हार, तीन अंगूठी, एक सोने की चेन, दो जोड़ी पायल, एक ओम सोने का, तीन जोड़ी बिछिया, चोरी कर ले गए। 

सुबह घर के पड़ोस में गुल्लक टूटी हुई पड़ी मिली। पास में ही खाली बैग पड़ा मिला। उसमें से भी नगदी गायब थी। उन्होंने बताया कि उनके ससुर की तबीयत खराब थी। सुबह 60,000 रुपये लेकर लखनऊ जाना था। चोरों ने उनके भाई अंकुल के कमरे के दरवाजे पर पड़ा ताला तोड़ दिया। अंकुल परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। 

चाभी से लोहे की अलमारी और सेफ का लॉकर खोलकर चोर एक हार, एक जोड़ी झाला, एक चेन, एक मांग बेंदी, दो जोडी पायल, दो ओम सोने के,  जेवरी चांदी की चोरी कर ले गए। चोरों ने अभिराज सिंह पुत्र दीरगज सिंह के घर को भी अपना निशाना बनाया। अभिराज सिंह ने बताया कि वह मुख्य दरवाजे के निकट बने कमरे में सो रहे थे। तभी आंगन में पड़ी टिनशेड के नीचे रखा एक छोटे और एक बड़े बक्से का ताला चोरों ने तोड़ दिया और एक जोड़ी पायल व पांच हजार की नगदी चोरी कर ले गए। 

पड़ोसी पंकज सिंह के घर से भी चोर करीब 50 हजार रुपये की कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। इसी बीच आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए तो चोर साथ लेकर भाग रहे दूसरा बक्शा छत पर ही छोड़कर भाग निकले। पीड़ितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसअो अजीत कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार