बदायूं: झोलाछाप के इलाज से हो रही मौतें, महकमा बोल रहा जांच की जाएगी
बदायूं, अमृत विचार। जिले में दुकानें चला रहे झोलाछाप के इलाज से लगातार जान जा रही हैं। जांच के नाम पर स्वास्थ्य विभाग मामले को ठंडे बस्ते में डाल देता है। झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती। मोटी रकम वसूलने के बाद मामला रफा दफा कर देते हैं। स्वास्थ्य महकमा झोलाछाप पर मेहरबान है।
थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम घंघोसी निवासी रामप्रकाश की पत्नी की शनिवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। रामप्रकाश पड़ोस में बैठने झोलाछाप अनिल यादव के पास लेकर गया। जहां झोलाछाप ने प्रेमवती को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगाने के बाद महिला बेहोश होकर जमीन पर गिरी और उसकी मौत हो गई। झोलाछाप ऑक्सीजन लेने जाने के बहाने भाग गया। इस मामले में झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
इसी दिन दातागंज के ग्राम दियोरी निवासी अशोक के 12 साल के बेटे अनमोल के बेटे को दर्द हुआ तो परिजनों ने झोलाछाप से दवा दिलाई। दवा खाने के बाद अनमोल के शरीर में खुजली होने लगी। कुछ ही देर के बाद बालक की मौत हो गई और झोलाछाप भाग गया।
सीएमओ से शिकायत हुई तो हर बार की तरह जांच करके कार्रवाई करने की बात कह दी गई। इससे पहले भी उघैती, दातागंज, शहर, इस्लामनगर, ओरछी, कुंवरगांव आदि में झोलाछाप के इलाज से मौत के मामले सामने आए हैं। कुछ दिन तक सील करने के बाद यह दुकानें फिर से खोल दी गई हैं।
हाल में दो घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में जांच करने का आश्वासन दिया गया है। अगर झोलाछाप की दवा से मौत हुई हैं तो विभाग खुद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगा। अभियान चलाकर झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. अब्दुल सलाम खान, सीएमओ
ये भी पढे़ं- बदायूं: पत्नी के हत्यारोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, शराब के लिए रुपये न देने पर जिंदा जलाने का है मामला
