Kannauj: पति-पत्नी आग से जलकर घायल; अस्पताल में भर्ती, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाया जान से मारने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। लंबे समय से चल रहे दंपति के बीच विवाद में संदिग्ध तरीके से दोनों जल कर घायल हो गये। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों ने एक-दूसरे पर पेट्रोल छिड़क आग लगा कर जान से मारने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सदर कोतवाली के गांव गिगटहा निवासी रोहित कटियार(34) पुत्र मुरली व उसकी पत्नी सोनी कटियार(27) के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को पति खेत से घर पहुंचा। इसी दौरान संदिग्ध तरह से घर के अंदर से तेज चीखने की आवाज लोगों को सुनाई दी। इस पर मोहल्ले के लोग मकान के अंदर पहुंचे तो रोहित व सोनी के शरीर पर आग लग चुकी थी। दोनों चीख रहे थे। 

परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पैरामेडिकल स्टाफ ने उपचार दिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कर दिया गया। मामले की सूचना पर मानीमऊ चौकी प्रभारी अमित पोरवाल पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन की। इस दौरान रोहित कटियार ने चौकी प्रभारी को बताया कि वह सोमवार को सुबह नौ बजे वह खेत पर गया था। 

वापस घर आया तो घर के दरवाजे की ओट में बोतल में पेट्रोल लेकर खड़ी उसकी पत्नी सोनी ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी। इसके बाद जब वह घर के बाहर भागा तो उसे मकान के अंदर खीच लिया। इससे उसके शरीर में भी आग लग गई। वह उसे जान से मारने का प्रयास कर रही है। दो दिन पहले उसके व उसकी बहन का उसके साथ विवाद हो चुका है। उस समय जान से मार देने की धमकी दी थी। 

वह लगातार मकान व खेतों का बैनामा कराने का दबाव बना रही है। बैनामा न करने पर उसने आग लगा कर जलाने का प्रयास किया। जल कर उसके मर जाने के बाद खेत व मकान उसका हो जायेगा। इसके बाद वह बिक्री कर चली जायेगी। इसी तरह सोनी ने बताया कि उसका पति शराबी है। सुबह से शराब के नशे में रहता है। कोई बात कहने पर मारपीट करता है। उसे जान से मारदेने की धमकी देता रहता है। 

सोमवार को खेत से आने के बाद उसने बोतल में लिये पेट्रोल को उसके ऊपर डाल कर आग लगा दी। किसी तरह वह आग से पूरी तरह नहीं जली। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- Banda News: पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार तस्करों को किया गिरफ्तार; बरामद किया 60 किलो गांजा

 

संबंधित समाचार