बदायूं: नुक्कड़ सभा में बोले शिवपाल, सपा प्रत्याशी हैं आदित्य यादव
बिसौली विधानसभा के गांव अहमदगंज में हुई नुक्कड़ सभा में लिया बेटे का नाम
बदायूं, अमृत विचार। बदायूं लोकसभा सीट पर सपा लगातार बदलाव कर रही है। एक ओर सिटिंग बिसौली विधायक का पूरा परिवार भगवामय हो गया है। वहीं अब सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने खुद मैदान से हटकर बेटे को चुनाव लड़ाने की बात कही है। जिसकी घोषणा उनके द्वारा खुले मंच पर कार्यकर्ताओं के बीच कर दी है। बेटे का नामांकन नवरात्र में कराएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग पर बेटे को प्रत्याशी बनाए जाने संबंधी मांग पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा गया है। हालांकि अभी तक उनके नाम की घोषणा नहीं हो सकी है। कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। कहा जा रहा है कि जो भी प्रत्याशी होगा उसे चुनाव लड़ाया जाएगा।
भाजपा और सपा प्रत्याशी रोज क्षेत्र में जाकर नुक्कड़ सभा कर रहे हैं। रविवार को सपा प्रत्याशी ने विधानसभा बिसौली क्षेत्र के गांव अहमदगंज में नुक्कड़ सभा की। सपा को वोट देने का आह्वान किया। कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसी दौरान उन्होंने अपने बेटे आदित्य यादव का नाम लिए बगैर ही सवाल किया कि चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अब तो बन गए हैं... पता है, पता है, इसके बाद लोगों ने आदित्य यादव नाम लिया। आदित्य यादव जिंदाबाद के नारे लगाए।
इसके बाद सपा प्रत्याशी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि देखिए, पहले तो लखनऊ से उनका ही नाम चला था लेकिन खासतौर से युवाओं की मांग पर अब आदित्य यादव प्रत्याशी हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं के समक्ष नामांकन कराने की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि नवरात्र शुभ और अच्छा होता है। इसीलिए आदित्य यादव नवरात्र के दौरान नामांकन करेंगे। हालांकि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से आदित्य यादव के नाम की घोषणा नहीं हुई है। कार्यकर्ता पिता और पुत्र में जो भी प्रत्याशी होगा उसे मानकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बदायूं: हम गुंडे लगते हैं तो दुर्विजय हमारे चेले- शिवपाल यादव
