कासगंज: ऐ दिल है मुश्किल का गाया गीत, चुनौती स्वीकार कर पा ली जीत ...Sony TV के कार्यक्रम में सोरों की खुशी ने लहराया परचम 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

संगीतकार मोहम्मद दानिश ने खुशी को दी थी बुलिया गीत गाने की चुनौती 

कासगंज, अमृत विचार। फिल्म ऐ दिल मुश्किल का गीत, ऐ दिल है यार बुलिया गाने की चुनौती मिली तो उसने सहजता से स्वीकार कर ली। हालांकि यह उसकी राह से हटकर अलग गीता था, लेकिन निर्णायक की चुनौती पर उसने हौसले से कार्य किया और आखिरकार चुनौती को हराकर जीत हासिल कर ली। यह कर दिखाया है तीर्थ नगरी सोरों की बाल संगीतकार खुशी नागर ने। जिसने मुंबई में हुए सोनी टीवी के कार्यक्रम में गीत गाकर जीत पाते हुए निर्णायक को मुख्य निर्णायक से सजा भी दिलवा दी। 

मूलरूप से कस्बा सोरों के रहने वाले मुकेश नागर 20 वर्ष से दिल्ली में रहकर रेडीमेड कपड़े का कार्य करते हैं। उनकी बेटी 14 वर्षीय खुशी नागर बचपन से ही संगीत के क्षेत्र में निपुण रही। धीमे धीमे उसने संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का लक्ष्य तय कर लिया। पहले अपने स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। फिर छोटे पर्दे की ओर कदम आगे बढ़ाए। तारे जमीन पर ऐसी प्रस्तुति दी कि उसने एक नई पहचान बना ली। फिर तो अन्य कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 

पिछले ही महीने की बात है जब उसने सोनी टीवी के सुपर स्टार सिंगर कार्यक्रम में स्थान हासिल किया। अब इंडियन आइडल में हिस्सा लेने जा रही है। उससे पहले उसे परीक्षा लेनी पड़ रही है। सोमवार को मुंबई में मुख्य जज नेहा कक्कड़ की निगरानी में चुनौती कार्यक्रम हुआ। इसमें सहयोगी निर्णायक संगीतकार मोहम्मद दानिश ने खुशी को चुनौती पूर्ण गाना गाने का लक्ष्य दिया। गाने के बोल थे ऐ दिल है यार बुलिया इस गाने पर खुशी ने ऐसी प्रस्तुति दी कि अन्य निर्णायकों ने उसे विजेता घोषित कर दिया। अब जल्द ही अगले कार्यक्रमों में खुशी शामिल होगी। 

जज को यह मिली सजा 
मोहम्मद दानिश की चुनौती में जब खुशी जीत गई तो फिर अन्य निर्णायकों ने संगीतकार दानिश को सजा देने का निर्णय लिया। खुशी के पिता मुकेश नागर ने बताया कि स्त्री कपड़ों में नृत्य करने की सजा दानिश को मिली। फिर उन्होंने नृत्य किया। अब खुशी के पक्ष में सोनी टीवी की वेबसाइट पर शनिवार से वोटिंग शुरू होगी।

ये भी पढ़ें- कासगंज: पिता के फातिहा समारोह में शामिल हो सकेंगे अब्बास, गाजीपुर भेजने की हुई तैयारी

संबंधित समाचार