बदायूं: शहर के रेस्टोरेंट में मिले लड़का-लड़की, हिंदू संगठनों का हंगामा

बदायूं: शहर के रेस्टोरेंट में मिले लड़का-लड़की, हिंदू संगठनों का हंगामा

बदायूं, अमृत विचार: होटल और रेस्टोरेंट में हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस की छापामारी लगातार दूसरे दिन जारी रही। बुधवार को हरप्रसाद मंदिर के सामने रेस्टोरेंट के बाद गुरुवार शाम इसी मार्ग के दूसरे होटल पर छापामारी की। जहां से एक हिंदू नाबालिग लड़की और मुस्लिम बालिग युवक ने छतों के सहारे भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें पकड़ा। पुलिस से हिंदू संगठनों की नोकझोंक हुई। पुलिस पकड़ी गई लड़की और युवक को थाने ले आई। होटल को सील कर दिया गया है। 

मामला शहर के शहबाजपुर तिराहा के पास स्थित होटल ग्रांड का है। गुरुवार शाम हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी नितिन कमठाना और बजरंग दल के पदाधिकारियों को सूचना मिली कि होटल में जोड़े हैं और कुछ गलत हो रहा है। पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाहर खड़े रहकर पुलिस को सूचना दी। लोगों के अनुसार तकरीबन एक घंटे के बाद उपनिरीक्षक सुमित कुमार पहुंचे।

 हिंदू संगठन और आसपास मौजूद लोग हंगामा करने लगे। उपनिरीक्षक से नोकझोंक हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मी को बुलाने को कहा। जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस महिला पुलिसकर्मी के साथ पहुंची। होटल के भीतर जाकर देखा। एक लड़की और लड़के ने छतों के सहारे भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तीसरी छत से दोनों को पकड़ लिया। जिसमें लड़की नाबालिग और लड़का बालिग निकला।

पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। जिनके परिजनों को सूचित किया गया है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक पास के एक गांव के प्रधान का भतीजा है। इसी भवन में संचालित होटल में पुलिस पहले भी दबिश दे चुकी है। होटल को सील किया गया था। जिसके बाद दूसरे नाम से यह होटल संचालित किया जा रहा है। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि सूचना मिलने पर होटल पहुंचे थे। संचालक फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। किशोरी के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं: टायर फटने से पलटी बस, दूल्हा समेत बैठ थे 40 बाराती...तीन घायल