मुरादाबाद : प्रचार में भाजपा आगे, सपा-बसपा, कांग्रेस के प्रत्याशियों की लगी है टकटकी

मंडल के सभी जिलों में भाजपा के सूरमा भर चुके हैं हुंकार, विरोधियों का फूल रहा दम, आज भाजपा के चाणक्य मुरादाबाद में विपक्षी दलों पर साधेंगे निशाना

मुरादाबाद : प्रचार में भाजपा आगे, सपा-बसपा, कांग्रेस के प्रत्याशियों की लगी है टकटकी

लोकसभा चुनाव ,

विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में प्रचार की रेस में मंडल में भाजपा सब पर भारी है। 2019 में मंडल की सभी सीटें गंवाने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसलिए दो महीने में भाजपा के दिग्गजों ने मंडल के सभी जिलों में जनसभा या किसी अन्य आयोजनों में शामिल होकर मंडल को मथ डाला है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद भी उनके नेता ताबड़तोड़ कार्यक्रमों से हुंकार भरकर विपक्षी धार को तेज होने से पहले ही कुंद करने में जुटे हैं।

लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में मंडल के पांच जिलों की छह लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। तारीखों की घोषणा से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी में संभल जिले के कल्कि धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर माहौल बना दिया था। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। इसके बाद मुरादाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अनुराग ठाकुर के अलावा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी बैठकों व समीक्षा के जरिए जीत का मार्गदर्शन दे चुके हैं।

रामपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए दम भरा। विपक्ष के नेताओं पर राजनीतिक तीर चलाकर उनकी नीति और नीयत को कटघरे में खड़ा कर कमल खिलाने को हर संभव जोर लगा दिया है। बिजनौर में भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एनडीए गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी सभा कर चुके हैं। 

वहीं अमरोहा में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक लोगों से भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए अपील कर चुके हैं। जबकि संभल में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मार्गदर्शन कर चुके हैं। इन दिग्गजों के दम पर प्रचार तंत्र में अब तक भाजपा सब पर भारी पड़ी है। शुक्रवार को भाजपा के चाणक्य अमित शाह मुरादाबाद के बुद्धि विहार के मैदान में जीत की हुंकार भरेंगे। तो दूसरी तरफ भाजपा नेताओं की राजनीतिक गर्जना के बीच खुद को लाचार पा रहे समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज, कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी अपने दलों के दिग्गजों की राह देख रहे हैं। जिससे उनके आने से उनकी चुनावी गाड़ी को भी रफ्तार मिल सके। अब पहले चरण के मतदान में सिर्फ सात दिन शेष हैं। प्रचार का शोर भी 17 की शाम पांच बजे थम जाएगा, ऐसे में आखिर के दिनों में भाजपा की काट के लिए दूसरे दलों के स्टार प्रचारकों को भी जोर लगाना होगा। 

अब 14 अप्रैल को सपा मुखिया अखिलेश यादव तो बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की मुरादाबाद में 15 जनवरी को जनसभा तय हो चुकी है। वहीं 13 अप्रैल को बिजनौर में भी अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। आखिरी दिनों में इनकी ललकार का कितना फायदा इनके प्रत्याशियों को मिलेगा यह तो चार जून को ईवीएम का लाॅक खुलने पर मतगणना में ही पता चलेगा। लेकिन, अब तक के परिदृश्य में प्रचार का शोर सर्वाधिक भाजपाई खेमे में ही जनता ने सुना है।

मंडल की लोकसभा सीटों पर 2019 के चुनाव में जीत की यह थी स्थिति

  • लोकसभा सीट    जीते प्रत्याशी                                      दल
  • मुरादाबाद          डा. एसटी हसन                                  सपा
  • रामपुर               आजम खां                                         सपा
  • संभल       डा. शफीकुर्रहमान बर्क (अब दिवंगत)             सपा
  • अमरोहा           कुंवर दानिश अली                                बसपा
  • बिजनौर            मलूक नागर                                        बसपा
  • नगीना (सुरक्षित)  गिरीश चंद्र                                          बसपा

मंडल की सीटों पर मतदान की तारीख

  • प्रथम चरण-मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर - 19 अप्रैल
  • द्वितीय चरण-अमरोहा- 26 अप्रैल
  • तृतीय चरण- संभल-7 मई
                    

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : लोकतंत्र के महापर्व में सड़क के गड्ढों में हिचकोले खा रही जनता, विभाग एक-दूसरे पर फोड़ रहे ठीकरा