पीलीभीत: सपा नेताओं ने उखाड़ दिया हेलीपैड, भाजपा के उत्तराखंड CM का उड़नखटोला उतारने की लगी थी भनक...वीडियो वायरल 

पीलीभीत: सपा नेताओं ने उखाड़ दिया हेलीपैड, भाजपा के उत्तराखंड CM का उड़नखटोला उतारने की लगी थी भनक...वीडियो वायरल 

पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के हैलीपेड पर भाजपा के स्टार प्रचारक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर उतारने की तैयारी की भनक लगते ही सपा नेता पहुंच गए और हाथों से बीते दिनों बनवाए गए हेलीपैड को उखाड़ दिया। एक-एक कर सारी ईंटें उखाड़ दी गई।

इसकी सूचना मिलने पर भाजपा के कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया। वार्ता चली लेकिन सपाई नहीं माने और अपने हेलीपैड पर भाजपा के स्टार प्रचारक का हेलीकॉप्टर उतारने को राजी न हुए। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया से तेजी से वायरल हुए।  फिर रविवार सुबह भाजपा की ओर से दूसरा हेलीपैड तैयार कराया गया। 

चुनावी दौर में भाजपा -सपा में जुबानी जंग के साथ ही कड़ी प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिल रही है। अभी दो दिन पहले शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूरनपुर में जनसभा करने के लिए पहुंचे थे। असम रोड पर सिरसा गांव के पास एक प्लाट पर अखिलेश यादव की जनसभा कराई गई थी। इसके नजदीक में ही उनका उड़नखटोला उतारने के लिए हेलीपैड बनाया गया था। जनसभा के बाद हेलीपैड नहीं हटाया गया।

रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरनपुर में जनसभा के लिए पहुंचना हैं। ऐसे में उनके हेलीकॉप्टर के लिए भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलग से हेलीपैड तैयार नहीं कराया था। अखिलेश यादव की सभा के लिए बनवाए गए हेलीपैड में ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर उतारने की तैयारी की जाने लगी।

इसका पता लगते ही शनिवार रात समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मैदान पर पहुंच गए और बनाए गए हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर उतारने से मना कर दिया। रात में ही सपा कार्यकर्ताओं ने हेलीपैड की ईंट उखाड़ दीं। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सपाइयों को हेलीपैड उखाड़ने से मना किया। मगर सपा कार्यकर्ता नहीं माने।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने व्यक्तिगत खर्चे पर हेलीपैड तैयार कराया है। भाजपा अलग से अपने खर्च पर हेलीपैड तैयार कराए। सफाईयों ने हेलीपैड की एक एक ईंट उखाड़ने के बाद दूसरे स्थान पर भिजवा दीं। रविवार सुबह भाजपा के लोग मैदान पर पहुंच गए और उसी स्थान पर नया हेलीपैड तैयार कराया जाने लगा।

भाजपा नगर अध्यक्ष हर्ष प्रधान ने बताया कि उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए सपा के लोगों से खर्च देकर हैलीपेड मांगा गया था। मगर उन्होंने हेलीपैड देने से मना कर दिया। अब पार्टी ने अपना हैलीपेड तैयार कराया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: लापता किशोर का खेत में मिला शव, कुछ दूर पड़ी थी बेल्ट और चप्पलें...पुलिस छानबीन में जुटी