अमेठी: रेलवे लाइन दोहरीकरण का सीसीआरएस ने किया निरीक्षण
जायस/अमेठी, अमृत विचार। नार्दन रेलवे के संरक्षण सुरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक ने मंगलवार को अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गांधीनगर के पास बने पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह कासिमपुर हाल्ट पहुंचे और वहां नव निर्मित दोहरीकरण लाइन व प्लेटफार्म न. दो का निरीक्षण कर उन्होंने नइया नाला पुल न. 486 के खम्बे को …
जायस/अमेठी, अमृत विचार। नार्दन रेलवे के संरक्षण सुरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक ने मंगलवार को अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गांधीनगर के पास बने पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह कासिमपुर हाल्ट पहुंचे और वहां नव निर्मित दोहरीकरण लाइन व प्लेटफार्म न. दो का निरीक्षण कर उन्होंने नइया नाला पुल न. 486 के खम्बे को ठीक करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वह जायस रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने जायस एसएसपी बैट्री कक्ष का निरीक्षण किया और अग्निशमन नियंत्रण की समुचित व्यवस्था न होने पर कार्यदाई संस्था आरबीएनएल को फटकार लगाई। इसके बाद वह नव निर्मित इलेक्ट्रानिक कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां मौजूद स्टेशन अधीक्षक एसएस मीणा को अव्यवस्था देख कड़ी फटकार लगाई। अंत में उन्होंने जायस रेलवे स्टेशन से गौरीगंज के लिए इलेक्ट्रिक विशेष ट्रेन को ट्रायल के लिए करीब शाम 5 बजे रवाना किया। इनके साथ एडीआरएम एसके पांडे व विनय सिंह सहित करीब दो दर्जन अधिकारी मौजूद थे।
जायस रेलवे स्टेशन पर दोहरीकरण नव निर्माण में मिलीं खामियां
मंगलवार को नव निर्मित जायस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म न. एक व प्लेटफार्म न. दो पर तमाम खामियां देखने को मिली। प्लेटफार्म न. दो के पश्चिमी छोर पर मात्र एक शौचालय बना है और मध्य में पेयजल लगा है फिर भी उसमे टोटी नहीं लगाई गई। प्लेटफार्म न. एक के मध्य में एक शौचालय बनाया गया है लेकिन उसमें आमजन के लिए हमेशा ताला लटकता रहता है हालांकि निरीक्षण के दिन उसमें ताला खोल दिया गया था। स्थानीय निवासियों में पवन कुमार, विवेक सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म न. एक पर लगे टीन सेड के दो पोल जंग खा चुके थे लेकिन मंगलवार को नार्दन रेलवे संरक्षा सुरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक के निरीक्षण से पहले कार्यदाई संस्था ने मौरंग से ढ़ककर उसे सुसज्जित करा दिया। दोनों प्लेटफार्मों पर न ही शौचालय में पानी की व्यवस्था थी और न ही यात्रियों को पानी पीने की कोई समुचित व्यवस्था की गई।
