सुलतानपुर: पेड़ से लटकता मिला युवती का शव, सुसाइड और मर्डर में उलझी पुलिस
कादीपुर/ सुलतानपुर, अमृत विचार। सोमवार को गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती का शव पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने युवती के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के अमरेथू डड़िया गांव में सोमवार को एक 27 वर्षीय युवती का शव जामुन के पेड़ से लटकता पाया गया। जिसकी शिनाख्त कुकुढ़ीपुर मालापुर गांव निवासी पूनम (27) पुत्री स्व. बखेडू निषाद के रुप में हुई। ग्रामीण जब खेतों की तरफ जा रहे थे तो उन्हें ट्यूवबेल के पास सूनसान जगह पर जामुन के पेड़ से लटकती दिखी थी। उसके नाक आदि स्थानों से खून निकला था, साथ ही दोनों पैर को जानवर ने नोच लिया था। सूचना पर कादीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल पर पहुंची मृतका की मां दशहरा देवी ने बताया कि मेरी लड़की पूनम की शादी तीन वर्ष पहले बीबीगंज बाजार के पास ढाका गांव में हुई थी। मृतका पूनम का एक दो वर्ष का बेटा शिवा है। पूनम के बड़ी बहन की शादी ककरहवा अमरेथू डड़िया में हुई है। वह अपनी बहन के यहां आई थी।
फिलहाल मृतका पूनम के शव गले में दुपट्टे से कसा हुआ पेड़ के पास बैठी हुई दशा में मिला था। पेड़ की डाल व जमीन की दूरी कम होने से लाश का पैर जमीन पर होने के कारण मामला हत्या और आत्महत्या की गुत्थी में उलझ गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए
भेजा है।
वर्जन-
युवती के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवती कुछ मंद बुद्धि थी। हत्या है या आत्महत्या है। यह पीएम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।- विनय कुमार गौतम, सीओ कादीपुर
ये भी पढ़ें -अतीक-अशरफ की कब्र पर पसरा रहा सन्नाटा, बरसी पर नहीं पहुंचा परिवार का कोई सदस्य
