छात्रावास से निकलकर बहुत से छात्र ऊंचाइयों पर पहुंचे: अशोक कटारिया
बरेली, अमृत विचार। मनुष्य तो महान है। जो मनुष्य देश को उठाने में जुटता है वे खुद ही ऊपर उठने लगते हैं। छात्रावास से निकलकर बहुत से छात्र ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। छात्रावास में राष्ट्रीयता और भारतीयता के बारे में पता चलता है। ये बातें प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने वीर सावरकर नगर …
बरेली, अमृत विचार। मनुष्य तो महान है। जो मनुष्य देश को उठाने में जुटता है वे खुद ही ऊपर उठने लगते हैं। छात्रावास से निकलकर बहुत से छात्र ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। छात्रावास में राष्ट्रीयता और भारतीयता के बारे में पता चलता है। ये बातें प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने वीर सावरकर नगर स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के माधव कृपा छात्रावास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि बरेली से उनका पुराना नाता है।
वह भी छात्रावास में रहकर इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं। कहा कि मैं आज जिस मुकाम पर पहुंचा हूं, वह सब संघ के वरिष्ठ प्रचारक राधेश्याम की देन है। जब वह छात्रावास में रहते थे तो उन्होंने मां की तरह परवरिश की और पिता की तरह पाला है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्हें बुखार था तो रोडवेज पर उन्होंने एक गिलास जूस खरीदा, जब मैंने पूछा कि दो लोग हैं तो एक गिलास क्यों तो उन्होंने कहा कि तुम्हें बुखार है, इसलिए। जब मुझे बुखार होगा तो मेरे लिए जूस खरीदना।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रह रहे सभी छात्रों का सौभाग्य है कि उन्हें वरिष्ठ प्रचारक राधेश्याम का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्र छात्रावास से निकलकर जाता है तो उसे पता चलता है कि उसने क्या सीखा है। वह छात्रावास के विकास के लिए एक लाख रुपये की धनराशि भी देंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय छात्रावास प्रमुख पश्चिमी उत्तर प्रदेश राधेश्याम ने कहा कि छात्रावास 25 वर्षों से चल रहा है। बहुत अच्छे छात्र हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेयर डॉ. उमेश गौतम और संचालन हिमांशु पांडेय ने कियाा। कार्यक्रम में बरेली विभाग के विभाग प्रचारक आनंद ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है। छात्रावास के छात्रों ने मेडिकल और एनडीए की प्रवेश परीक्षाएं पास की हैं। कार्यक्रम में शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि बरेली में कोरोना काल में आरएसएस की वजह से कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोया।
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि जो भी वरिष्ठ प्रचारक राधेश्याम के संपर्क में आया, वह उनका होकर रह गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सभी से जोड़ना है। कायर्कम में महानगर प्रचारक विक्रांत, बीजेपी जिलाध्यक्ष पवन शर्मा व अन्य वरिष्ठ नेता और छात्रावास से जुड़े राजीव साहनी, सुमित योगी, हर्षित काशी, रजत जोशी व अन्य मौजूद रहे।
रुविवि में हिंदी विभाग की स्थापना को लेकर शिक्षामंत्री से विमर्श करेंगे कटारिया
महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग न होने की बात सुनकर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री हैरान रह गए। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग की स्थापना के लिए वे शिक्षा मंत्री से बात करके जानकारी करेंगे। बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 550 महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें बरेली कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों में हिंदी विभाग है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि रुविवि कैंपस में ही हिंदी विभाग ही नहीं है। इसके लिए बरेली कॉलेज, पीलीभीत कॉलेज के हिंदी विभाग के प्रोफेसर एवं असिस्टेंट प्रोफेसरों ने हिंदी विभाग की स्थापना के प्रयास किए, जिन पर रुविवि प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। जबकि हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा के दौरान विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को शिक्षा विभाग के बैनर तले आयोजित किया जाता है।
