सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी ने किया रोड शो, मिला भारी जनसमर्थन, जमकर लगे योगी-योगी के नारे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम सहारनपुर में रोड शो कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के पक्ष में हवा बनायी। रोड शो को खासा जनसमर्थन हासिल हुआ। सीएम योगी ने अग्रवाल धर्मशाला से भाजपा के रोड़-शो की अगुवाई की। जहां से वे भगतसिंह चौक, बाजार मोर गंज, नेहरू मार्केट होते हुए सहारनपुर नगर के ह्दय स्थल चौक घंटाघर पर पहुंचे।

उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राघव लखनपाल शर्मा को भारी वोटों से जिताने की अपील की। रोड-शो में सहारनपुर नगर में आज उत्सव जैसा माहौल बना दिया। चौक घंटाघर से लेकर अग्रवाल धर्मशाला तक मंगलवार के अवकाश के बावजूद पूरे बाजारों में रौनक थी और हजारों लोग मुख्यमंत्री को देखने और उनका अभिवादन स्वीकार करने के लिए सड़क के दोनों ओर उत्साह और उमंग के साथ खड़े थे।

योगी आदित्यनाथ फूलों से सजे एक वाहन पर अपने हाथों से विजयी चिन्ह बनाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। योगी आदित्यनाथ के दाईं ओर भाजपा उम्मीदवार राघव लखनपाल शर्मा मौजूद थे। भाजपा के दोनों मंत्री, विधायक एवं मेयर डा. अजय सिंह भी योगी के साथ वाहन पर सवार थे। रोड-शो में आठ से दस हजार उत्साही लोगों की भीड़ शामिल थी। पूरे रोड़ शो के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पूरा आयोजन शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि सहारनपुर सीट पर भाजपा के राघव लखनपाल शर्मा का कांग्रेस के दिग्गज नेता इमरान मसूद से कड़ा संघर्ष है। आज के रोड़-शो से सहारनपुर और जिले का राजनैतिक माहौल गर्मा गया हैं। बुधवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।

बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी वाड्रा इमरान मसूद के समर्थन में नगर में रोड़-शो निकालेंगी। वह शाकुम्बरी देवी, जैन मंदिर और गुरूद्वारा में शीश नवाने के बाद इमरान मसूद के साथ नगर में रोड़-शो करेंगी। पहले चरण के चुनाव प्रचार का प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ चुनाव प्रचार का पटाक्षेप हो जाएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड़-शो को लेकर भी सहारनपुर में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।

यह भी पढ़ें:-लोकसभा चुनाव 2024: डिंपल यादव के पास करोड़ों की संपत्ति, लाखों के गहने, शपथ पत्र में किया खुलासा

 

संबंधित समाचार