अयोध्या में सात घंटे तक 30 हजार की आबादी ने झेला बिजली संकट

तेज हवाओं से 11 हजार की लाइन टूटी, छह फीडर और एक उपकेंद्र हुआ प्रभावित

अयोध्या में सात घंटे तक 30 हजार की आबादी ने झेला बिजली संकट

सोहावल/अयोध्या, अमृत विचार। लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी सोहावल उपकेंद्र से जुड़े कई फीडरों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। इसके पीछे कारण तेज हवाओं का चलना बताया गया। जिनसे हाईवोल्टेज तारों में टकराव होने से आपूर्ति में बाधा आ रही है।
  
सोहावल उपकेंद्र से जुड़े फीडर मंगलसी, रौनाही, आरएल, रेलवे, जगनपुर, नगर पंचायत खिरौनी ही नही गोड़वा उपकेंद्र की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। लगातार दूसरे दिन आरएल फीडर की आपूर्ति बुधवार को भी सुबह लगभग 10 बजे से शाम हवाओं की रफ्तार कम होने तक लगभग सात घंटे ठप रही। इस फीडर से  दर्जन भर से ज्यादा राजस्व गांव जुड़े है जिनकी आबादी 30 हजार  है। सोहावल के उन फीडरो की आपूर्ति रुक रुक कर जारी रही जहां विभाग ने समय से पहले तार और खभों की लाइन ठीक कर रखी है। बताया जाता है तेज हवा से आपूर्ति में बाधा आ रही है। अवर अभियंता ज्ञान सिंह ने बताया कि कुछ क्षेत्र मे खेतों में फसल खड़ी होने से अब तक मेंटीनेंस का काम नही हो पाया था। तार और खंभों की खिंचाई नही हो पाई थी वह अब कराई जा रही है। अधिकतम आपूर्ति जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।
        
हवाओं और गर्मी ने खोल दी दावों की पोल 
हैदरगंज, अयोध्या। इस बार शुरू हुई गर्मी में विद्युत विभाग के दावों की पोल खोल कर रख दी है। जिसके चलते विद्युत उपकेंद्र केलालाल खान के सभी फीडर हैदरगंज, तारुन, खपराडीह, नंसा, भीटी सुबह होते ही बंद हो जाते हैं। शिवमंगल गौड़, शारदा प्रसाद दुबे, रामप्रताप सिंह, महेश सिंह, रामदास तिवारी, अरविंद यादव, महेश भारती आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रचंड गर्मी में विद्युत आपूर्ति बंद होने से जहां घरों के इनवर्टर डिस्चार्ज होने की वजह से घर के बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जन सेवा केंद्र संचालक मोनू शुक्ला और संदीप गौड़ ने बताया कि विद्युत सप्लाई न आने से पैसे की लेन देन करने में बड़ी समस्या हो रही है। जेई राजेश कुमार यादव ने बताया हवा चलने के कारण सप्लाई बार-बार ट्रिप हो रही है। जैसे ही हवा नॉर्मल होती है विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।

ये भी पढ़ें -कानपुर में मां-बेटे ने मिलकर व्यापारी से हड़पे 35 लाख रुपये, इस तरह धोखाधड़ी को दिया अंजाम...