काशीपुर: सात साल में बना आरओबी सात दिन के अंदर हुआ बंद

काशीपुर: सात साल में बना आरओबी सात दिन के अंदर हुआ बंद

काशीपुर, अमृत विचार।  बिना लोडिंग टेस्टिंग के चल रहे बाजपुर रोड स्थित आरओबी को आवागमन के लिए एनएच ने बंद कर दिया है। आरओबी पर यातायात लोड टेस्टिंग के बाद ही शुरू हो पाएगा। आरओबी के बंद होने से एक बार फिर जनता को मायूसी हाथ लगी है।

सात साल में बना आरओबी को सात दिन के अंदर ही यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पांच दिन पूर्व भाजपाइयों ने आरओबी यातायात के लिए खोल दिया था। जबकि अधिकारी तकनीकी जांच व अन्य शेष कार्यो का हवाला देकर आरओबी अभी आरओबी खोलने के मूड में नहीं थे। इस दौरान भाजपाइयों ने आरओबी के चालू होने पर मिष्ठान वितरण कर इसका श्रेय भी लिया था। आरओबी के चालू होने के तीन घंटे बाद ही प्रशासन से आरओबी पर तीन व चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद करा दिया था। जिसके बाद आरओबी से सिर्फ दोपहिया वाहन की गुजर रहे थे।

शुक्रवार को एनएच के अधिकारियों के मौजूदगी में आरओबी की कार्यदायी संस्था ने आरओबी के दोनो ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया और दो पहिया वाहनों की भी नो एंट्री कर दी। एनएच के एसडीओ प्रमोद सुयाल और कार्यदायी संस्था के अजय शर्मा का कहना है कि आरओबी पर अभी लोड टेस्टिंग का कार्य शुरू होना है। जिसमें तीन दिन का समय लगेगा। वही कुछ शेष आवश्यक कार्य भी बचे है। जिनको पूर्ण करना जरूरी है। जिसके बाद ही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरओबी को पुन: यातायात के लिए खोला जाएगा।

आरओबी के बंद होने से भड़का लोगों का गुस्सा

आरओबी पर आवाजाही बंद करने से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उनका मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई।

शुक्रवार को बिना लोड टेस्टिंग के आरओबी से गुजर रहे दो पहिया वाहनों को भी बैरिकेडिंग कर रोक दिया गया है। आरओबी के चालू होने से लोगों को जल्द ही इसके पूर्ण रूप से खुलने की उम्मीद थी। लेकिन अब अनिश्चित समय के लिए बंद हुए आरओबी से लोगों का आक्रोश बढ़ गया और लोगों ने अपने गुस्सा मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों पर जताया। बामुश्किल अधिकारियों ने लोगों को समझाया और जल्द ही आरओबी पर यातायात सुचारू होने की बात कही। जिसके बाद लोगों को गुस्सा शांत हुआ।