पीलीभीत: FIR के बाद मेडिकल अवकाश पर चला गया शिक्षक...5 दिन से स्कूल में लटके ताले, बच्चों की पढ़ाई बाधित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलसंडा, अमृत विचार: गांव मीरपुर हीरपुर के प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को पांचवें दिन भी ताला लटका रहा। रसोईया की मौत के मामले में लापरवाही के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शिक्षक मेडिकल अवकाश पर चला गया था। जिम्मेदारों ने शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्यालय खुलवाने की जरूरत ही नहीं समझी। पांच दिन से लगातार स्कूल में ताला लटका है और बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित है।
     

बता दें कि थाना करेली क्षेत्र के गांव मीरपुर हीरपुर के प्राथमिक विद्यालय में 30 अप्रैल को मिड डे मील बनाते वक्त सिलेंडर में आग लग गई थी। जिसकी चपेट में आने से दो रसोईया गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इनमें से एक रसोईया रामसनेही की मंगलवार को शाहजहांपुर के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी जबकि दूसरी रसोईया बिटोली देवी की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतक रसोईया के पुत्र वीरपाल ने रेगुलेटर एवं पाइप के खराब होने के बावजूद बदलवाने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार, प्रधान रामवती एवं प्रधान पति मेवाराम के खिलाफ करेली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। बताते हैं कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शिक्षक खुद को बीमार बताकर मेडिकल अवकाश पर चला गया। जिसकी वजह से स्कूल में पांच दिनों से ताला लटका है। बच्चे हर रोज स्कूल खुलने के वक्त गेट पर घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर घर वापस लौट रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस विद्यालय में एकल शिक्षक होने की वजह से उपजी समस्या से निजात दिलाने के लिए अभी तक कोई वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था ही नहीं की। जिसकी वजह से बच्चों की पढ़ाई पांच दिनों से प्रभावित है।

उधर पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश प्रताप सिंह ने घटना के बाद से बाधित हुई शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त कराने की विभागीय अधिकारियों से मांग की है। यह भी कहा कि इस घटना की रिपोर्ट दर्ज होने की वजह से पुलिस तो विवेचना कर ही रही है, लेकिन विभागीय अधिकारियों को भी गंभीरता से जांच करानी चाहिए, ताकि इस तरह की अन्य किसी विद्यालय में घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।


ये भी पढ़ें- पीलीभीत: सिपाही ने साथियों संग मिलकर ग्रामीण से की थी लूट, गिरफ्तार कर भेजा जेल...खुद को बताया था इंस्पेक्टर क्राइम

संबंधित समाचार