पीलीभीत: सिपाही ने साथियों संग मिलकर ग्रामीण से की थी लूट, गिरफ्तार कर भेजा जेल...खुद को बताया था इंस्पेक्टर क्राइम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 पूरनपुर, अमृत विचार: सड़क पर खड़े ग्रामीण से लूटपाट करने वाला पूरनपुर कोतवाली का सिपाही निकला। अपने तीन साथियों संग मिलकर ट्रायल के लिए लाई गई कार से ही वारदात को अंजाम दे दिया था। सिपाही समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया। फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताते हैं कि एक व्यक्ति का मोबाइल भी छीन लिया था।

नगर के मोहल्ला ढका जमीमा निवासी कमर पुत्र मुन्ने मियां गुरुवार को ब्लॉक रोड पर एक मजार के पास खड़े थे। कार सवार चार लोगों ने कमर से साढ़े बारह हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया था। विरोध करने पर एक लुटेरे ने खुद को क्राइम इंस्पेक्टर बताते हुए पिटाई कर दी थी। इसके अलावा थाना सेहरामऊ क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर कलां निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र बलकार सिंह को भी डराया धमकाया था।

उनके सामने खुद को सीबीआई टीम से होना बताकर जितेंद्र सिंह से जबरदस्ती सरफराज नाम के व्यक्ति के खाते में 14000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए थे। दिनदहाड़े हुई घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। जिसके बाद घटना का मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि कोतवाली में तैनात सिपाही रामू सिंह पुत्र देवेंद्र प्रताप सिंह निकला, जोकि हरदोई जनपद के थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम खद्दीपुर चैन सिंह का रहने वाला है। 

पुलिस ने देर शाम कार भी बरामद कर ली थी। सिपाही और उसके साथी मोहल्ला रजागंज निवासी सरफराज पुत्र निसार अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो घटना का खुलासा हो गया। आरोपी रामू से पांच हजार रुपये, लूटा गया मोबाइल बरामद किया।

पुलिस ने शुक्रवार को रामू सिंह,सरफराज, कल्लू उर्फ ताज मोहम्मद और एक अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी सिपाही रामू सिंह और सरफराज को जेल भेज दिया। जिस ब्रेजा कार से लूट की घटना को अंजाम दिया गया वह टैक्सी पर चलती है। सरफराज और रामू ने ट्रायल लेने के लिए गाड़ी मांगी थी।

पहले दोस्तों के साथ पी थी शराब
लूट की घटना में पकड़े गए आरोपी सिपाही रामू ने गुरुवार को लूटपाट करने से पहले दोस्तों के साथ शराब पी थी। अन्य आरोपियों के साथ खूब जाम छलकाए थे। फिर क्राइम इंस्पेक्टर और सीबीआई की टीम बनकर दो लोगों से लूटपाट कर डाली। बताते हैं कि आरोपी सिपाही रामू अक्सर ड्यूटी के दौरान भी नशे में रहता था।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: अक्षय तृतीया पर न होने पाए बाल विवाह, आयोग हुआ सख्त तो डीएम ने जिम्मेदारी तय कर किया अलर्ट

संबंधित समाचार