दावत खिलाने के बहाने युवक बुलाकर पीटा, 13वें दिन अस्पताल में तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोस्त को मरणासन्न हालत में छोड़कर हमलावर हुए फरार, पुलिस ने दर्ज एफआरआई में बढ़ाई गैर-इरादतन हत्या की धारा

अमृत विचार, लखनऊ/मलिहाबाद। माल थाना अन्तर्गत गद्दीनखेड़ा में दावत खिलाने के बहाने दोस्त को घर से बुलाकर दे गए युवकों ने उससे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद हमलावर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर घटनास्थल से भाग निकले।

आनन-फानन परिजनों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां 13वे दिन शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने उसके साथियों पर दर्ज एफआईआर में गैर-इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई है। 
 
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक,  गद्दीनखेड़ा गांव निवासी सर्वती ने शिवबालक और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गत 21 अप्रैल को पति कल्लू (35) को भनौरा निवासी शिव बालक घर से देवरी भारत गांव में रहने वाले हरिनाम के घर दावत खिलाने की बात कह कर ले गये थे।

देवरी में पति व शिवबालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि शिव बालक ने साथियों के साथ मिलकर पति को पीटकर अधमरा कर दिया था। शोर मचाने पर हमलावर पति को मरणासन्न हालत में छोड़कर घटनास्थल से भाग निकले। जानकारी होने पर महिला ने पति को दुबग्गा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, घटना के 13वें दिन कल्लू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया है। हमलावरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

संबंधित समाचार