पीलीभीत: 5 जून को होनी है शादी, दुल्हन पलायन को मजबूर, पुलिस ने किया अनसुना..अब डीएम से लगाई गुहार
पीलीभीत, अमृत विचार: पड़ोस के ही दबंग एक युवती की मुसीबत बन गए हैं। पांच जून को शादी होनी है और आरोपी लगातार दुष्कर्म करने का प्रयास करते हुए धमका रहे हैं। शादी तोड़वाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि थाना पुलिस से लेकर एसपी तक शिकायत करने के बाद भी न्याय नहीं मिल सका है। अब पीड़िता ने डीएम से शिकायत करके अपना दुखड़ा सुनाया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत पत्र में ये भी कहा कि दबंगई से घबराकर परिवार पलायन करने के लिए मजबूर है।
अमरिया थाना क्षेत्र की एक युवती ने गुरुवार को डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पड़ोसी लंबे समय से बुरी नजर रखता है। आए दिन छेड़छाड़ करता है। 24 अप्रैल की सुबह साढ़े नौ बजे पीड़िता के मकान के बाहर आरोपी की पत्नी कूडा डालकर चली गई। जब पीड़िता ने मना किया तो दोनों आकर गाली गलौज करने लगे और मारपीट की। कपड़े फाड़कर पीड़िता को नग्न कर दिया।
बमुश्किल अपनी जान और इज्जत बचाई। कुछ देर बाद आरोपी ने अपने साले को बुला लिया और पीड़िता के घर में घुस आया। दुष्कर्म करने की कोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। इस पर आरोपी अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने बताया कि उसकी पांच जून को शादी होनी है। आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं कि वह उसकी शादी नहीं होने देंगे।
घटना की तहरीर थाना अमरिया पुलिस को दी गई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। 26 अप्रैल को एसपी को शिकायती पत्र दिया, लेकिन उस पर अभी तक एक्शन नहीं लिया गया है। आरोपी लगातार दुष्कर्म करने और शादी तुड़वाने की धमकी दे रहे हैं। पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है। साथ ही आरोपियों की दबंगई से घबराकर पलायन करने को मजबूर हो चुका है। डीएम से मामले की एफआईआर दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई। डीएम से हुई शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
दोनों पक्षों के मकान नजदीक हैं। नाली के पानी के निकास को लेकर बीते दिनों झगड़ा हुआ था। उस वक्त दरोगा को मौके पर भेजकर जांच भी कराई गई थी। अब डीएम के समक्ष शिकायत की गई है। जिसमें गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराई जा रही है--- ब्रजवीर सिंह, एसओ अमरिया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: FIR के बाद मेडिकल अवकाश पर चला गया शिक्षक...5 दिन से स्कूल में लटके ताले, बच्चों की पढ़ाई बाधित
