नैनीताल: चार फार्मासिस्ट के भरोसे बीडी पांडे अस्पताल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। नगर का बीडी पांडे अस्पताल कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल लंबे समय से चार फार्मासिस्ट के भरोसे है। जिनके माध्यम से औषधि भंडार, दवा वितरण केंद्र समेत अन्य व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। इन कर्मियों पर अतिरिक्त भार पड़ने का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। दवा भंडार अनुभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात न होने से फरवरी माह से दवाओं का डाटा ऑनलाइन नहीं किया जा सका है।

बीडी पांडे अस्पताल में नगर के साथ ही समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज उपचार कराने के लिए आते हैं। प्रतिदिन लगभग 400 मरीज से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। पूर्व में अस्पताल में फार्मासिस्ट के 11 पद स्वीकृत थे, लेकिन महिला-पुरूष अस्पताल मर्ज होने के बाद स्वीकृत पदों की संख्या छह हो गई। लगभग डेढ़ साल से अस्पताल में मात्र चार फार्मासिस्ट ही तैनात हैं।

दवा भंडार में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर के फरवरी में मातृत्व अवकाश पर जाने तथा दूसरे कर्मी के छुट्टी में जाने से फरवरी माह से दवाओं को ऑनलाइन अपडेट नहीं किया जा सका है। अस्पताल के पीएमएस डॉ. टीके टम्टा का कहना हैकि कर्मियों की कमी दूर करने के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया गया है। जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएंगी।

संबंधित समाचार